गांधीनगर क्षेत्र में सोमवार सुबह सिद्धार्थ नगर के समीप शराब दुकान पर हुए विवाद के बाद एक रिक्शा चालक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। टीआई अनिल यादव के मुताबिक, मृतक का नाम हेमंत उर्फ हेमू जाट (39) है।
हेमंत सुबह 9.30 बजे वाइन शॉप पर आरोपी कृष्णा पाटिल और राजेश चौहान के साथ बैठकर शराब पी रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर तीनों में गाली-गलौज शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर कृष्णा ने हेमंत पर चाकू से हमला कर दिया, जबकि राजेश ने हेमंत को पकड़े रखा।
दो बेटियां हैं हेमंत की, उन्हें नहीं बताई घटना
हेमंत के दोनों बेटियां कनक और मुस्कान भी अस्पताल पहुंची थीं। परिवार ने बच्चियों को अभी घटना की जानकारी नहीं है। हेमंत की दो प|ियां थीं, दोनों की मौत हो चुकी है। घटना से पूरा परिवार सदमे में है।
आरोपी ने तीन-चार वार किए
आरोपी कृष्णा ने हेमंत पर चाकू से तीन वार किए। घटना के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। हेमंत को अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए थे, जिन्हें पुलिस ने हिरासत में ले लिया। मृतक हेमंत के खिलाफ पहले से छह अपराध दर्ज हैं, जबकि कृष्णा पाटिल 17 मामले दर्ज हैं।
मां से कहा था- थोड़ी देर में लौट आऊंगा : हेमंत की मां मीना जाट ने बताया, बेटा घर से निकलते समय बोला था कि चौराहे तक जा रहा हूं। थोड़ी देर में वापस आ जाऊंगा। सुबह करीब 11 बजे मां हेमंत के बच्चों को स्कूल छोड़ने भेजने वाली थी, लेकिन इससे पहले एक व्यक्ति घर पहुंचा और बताया कि बेटे को चोट लगी है। उसने शराब दुकान जाने की बात कही। जब वह मौके पर पहुंची तो बेटा खून से सना पड़ा था। मां पोते-पोतियों के साथ वहां पहुंची और रोती-बिलखती रही।
