सांवेर के सिमरोड गांव में सोमवार रात अवैध शराब पकड़ने पहुंची पुलिस टीम पर शराब तस्करों की गैंग ने हमला कर दिया। हमले में सांवेर टीआई जगदीश महोबिया, एसआई आशिक हुसैन और कांस्टेबल मनीष घायल हुए। एसआई हुसैन को 11 टांके आए हैं और कांस्टेबल मनीष को भी गंभीर चोटें लगी हैं। देर रात मुख्य आरोपी तूफान सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। मुख्य आरोपी और उसके 8 साथियों पर शासकीय कार्य में बाधा, बलवा और आबकारी एक्ट में केस दर्ज किया गया।
सांवेर पुलिस के मुताबिक सूचना मिली थी कि सिमरोड गांव में भारी मात्रा में अवैध शराब बिक्री के लिए रखी गई है। रात करीब 12 बजे टीआई मोहबिया अपनी टीम के साथ गांव पहुंचे और मुखबिर के बताए मकान में दबिश दी। इसी दौरान आरोपी तूफान सिंह चावड़ा अपने साथियों के साथ आ गया। बदमाशों ने टीम पर लोहे की रॉड, लकड़ी और पत्थर से हमला कर दिया। कुछ ही देर में तस्कर फरार हो गए।
सूचना पर एसडीओपी फोर्स लेकर पहुंचे हमले की सूचना मिलते ही एसडीओपी सांवेर देवेंद्र कुमार धुर्वे थाना चंद्रावतीगंज, हातोद, क्षिप्रा-मांगलिया से पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचे। तब तक आरोपी भाग चुके थे। पुलिस ने आरोपी तूफान सिंह, चेतन जायसवाल, अर्पण, धीरज, वीरेंद्र उर्फ भोला, धर्मेंद्र, जितेंद्र, तंवर सिंह और अन्य पर केस दर्ज किया है। तूफान गिरफ्त में है, बाकी बदमाशों की तलाश में टीमें लगी हैं। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 124 पेटी देशी प्लेन, 37 पेटी देशी मसाला और 45 पेटी बीयर कैन जब्त किए। इसकी कीमत करीब 7.09 लाख रुपए बताई गई है।
