विश्व क्लब फुट दिवस का आयोजन

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

विश्व क्लब फुट दिवस के अवसर पर जिला अस्पताल इंदौर में क्लबफुट से प्रभावित परिवारों के साथ संवाद आयोजित किया गया, ताकि बच्चों में इस स्थिति की समय पर पहचान और शीघ्र उपचार के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाई जा सके। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हासानी ने बताया कि समय पर पहचान एवं उपचार से इसे ठीक कर बच्चे को जीवन भर की दिव्यांगता से बचाया जा सकता है। गर्भावस्था के दौरान में ए.एन.सी. चेकअप एवं सोनोग्राफी अवश्य करवाएं, ताकि गर्भावस्था में ही इसका पता लगाया जा सके, ताकि प्रसव के उपरांत क्लब फुट क्लिनिक में परामर्श लेकर उपचार प्रारंभ किया जा सके, यह उपचार पूर्णतः सुरक्षित हैं।
विश्व क्लबफुट दिवस लोगों को जागरूक करने और परिवारों को समय पर उपचार लेने के लिए प्रेरित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है। स्वास्थ्य विभाग, फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और सहयोगी संस्थाओं के निरंतर प्रयासों से जिला इंदौर में क्लबफुट से प्रभावित बच्चों को वह सहयोग मिल रहा है, जिसकी मदद से वे चल, दौड़ और सामान्य जीवन यापन कर सकते हैं। क्लबफुट एक जन्मजात स्थिति है, जिसमें बच्चे के पैर जन्म के समय अंदर की ओर मुड़े होते हैं, यह लगभग हर 400 नवजात शिशुओं में से 01 को प्रभावित करता है। समय पर उपचार मिलने पर क्लबफुट वाले बच्चे सामान्य और सक्रिय जीवन यापन कर सकते हैं।
राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत क्लबफुट से प्रभावित बच्चों की समय पर पहचान कर उन्हें शासकीय स्वास्थ्य संस्थानों में उपचार के लिए भेजा जाता है। जिला इंदौर में क्लबफुट उपचार सेवाएँ जिला अस्पताल इंदौर में उपलब्ध हैं, जहाँ प्रभावित बच्चों के लिए साप्ताहिक क्लिनिक संचालित किए जाते हैं। वर्तमान में 41 बच्चे क्लबफुट का उपचार प्राप्त कर रहे हैं, 40 बच्चों ने सफलतापूर्वक उपचार पूरा किया है, आशा कार्यकर्ताओं को पहचान और रेफरल हेतु संवेदनशील बनाया गया है।
आशा और ए.एन.एम. सहित फ्रंटलाइन स्वास्थ्य कार्यकर्ता बच्चों की शुरुआती पहचान करने और उन्हें समय पर उपचार केंद्र तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। माता-पिता की नियमित काउंसलिंग भी की जाती है ताकि उपचार और फॉलो अप लगातार जारी रहे।
अनुष्का फाउंडेशन फॉर क्लबफुट के सहयोग से जिला अस्पतालों को प्रशिक्षित चिकित्सकों, आवश्यक उपकरणों और व्यवस्थित फॉलो-अप प्रणाली के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण उपचार सेवाएँ प्रदान करने के लिए मजबूत किया जा रहा है।

Exit mobile version