इंदौर में विधायक गोलू शुक्ला की बस ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। इससे गुस्साई भीड़ ने बस में आग लगा दी। अफरा-तफरी मची तो फायर ब्रिगेड को बुलाया गया।
घटना पटेल ब्रिज के नीचे बुधवार सुबह करीब 9.30 बजे की है। फायर ब्रिगेड कर्मचारी के मुताबिक, छोटी ग्वालटोली के आगे शुक्ला ब्रदर्स की बस में आग लगने की सूचना मिली थी, जिसके बाद मौके पर फायर ब्रिगेड की टीम को भेजा गया। जब टीम पहुंची तो बस से काफी ऊंची लपटें निकल रही थीं।
फायर ब्रिगेड के एसआई शोभाराम मालवीय ने बताया, एक टैंक पानी डालकर आग पर काबू पाया गया। ड्राइवर अभी मौके पर नहीं मिला है। संभवतः वह बस में आग लगने के बाद गाड़ी से उतरकर बाहर आ गया हो।
तुकोगंज टीआई जितेंद्र यादव के मुताबिक, एक बाइक को बस ने टक्कर मारी थी, इसके बाद बस में आग लग गई। बाइक सवार को ज्यादा चोट नहीं आई है। उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल भेजा गया है।
रेलवे माल गोदाम के पास हुआ था हादसा
पुलिस के मुताबिक, रेलवे माल गोदाम के पास सुबह करीब साढ़े 10 बजे शुक्ला की बस ने एक बाइक सवार को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार बस के नीचे फंस गया और उसका हाथ टायर के नीचे दब गया। हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बस को धक्का देकर युवक का हाथ पहिए के नीचे से निकाला और उसे अस्पताल पहुंचाया। इसके बाद आक्रोशित लोगों ने बस में आग लगा दी। हालांकि पुलिस ने आगजनी की पुष्टि नहीं की है। मामले में बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है।
