लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राजवाड़ा में किया माल्यार्पण

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

देवी अहिल्याबाई के आदर्शों और लोककल्याणकारी दृष्टिकोण को आत्मसात कर मध्यप्रदेश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा : मुख्यमंत्री डॉ. यादव

लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की 301वीं जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज इंदौर के ऐतिहासिक राजवाड़ा पहुंचकर उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के योगदान को स्मरण करते हुए उन्हें भारतीय संस्कृति, सुशासन और लोककल्याण की अद्वितीय प्रतीक बताया।

         मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की ऐसी महान शासिका थीं, जिन्होंने अपने शासनकाल में न्याय, सुशासन, लोकसेवा और जनकल्याण के उच्चतम मानक स्थापित किए। उन्होंने प्रजा के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान और कल्याण के लिए कार्य किया। उनकी प्रशासनिक दक्षता, दूरदर्शिता, करुणा और न्यायप्रियता आज भी शासन-प्रशासन के लिए प्रेरणास्रोत है।

         मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है। लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों और लोक कल्याणकारी दृष्टिकोण को आत्मसात कर मध्यप्रदेश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

- Advertisement -

             मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देवी अहिल्याबाई ने केवल मालवा ही नहीं, बल्कि पूरे देश में धर्म, संस्कृति और लोककल्याण के कार्यों को नई दिशा दी। डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों, विचारों और जीवन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाने तथा उनकी गौरवशाली विरासत को संरक्षित करने के लिए निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकमाता का जीवन सेवा, समर्पण और सुशासन का जीवंत उदाहरण है, जिससे वर्तमान पीढ़ी को प्रेरणा लेने की आवश्यकता है।

     इस अवसर पर जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव, विधायक श्री गोलू शुक्ला, श्रीमती मालिनी गौड़, श्री मधु वर्मा, सुश्री उषा ठाकुर, डॉ. निशांत खरे, श्री गौरव रणदिवे, संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, कलेक्टर श्री शिवम वर्मा, पुलिस कमिश्नर श्री संतोष सिंह सहित बड़ी  गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Exit mobile version