
मकर संक्रांति पर चाइनीज मांझा प्रशासन के दावों पर भारी पड़ा। इंदौर सहित मालवा-निमाड़ में बुधवार को 15 लोग घायल हो गए। इंदौर में चार की गर्दन कटी, उज्जैन में छह, महू में तीन जबकि शाजापुर और देवास में एक-एक व्यक्ति हादसे का शिकार हुए। किसी की गर्दन पर गहरा कट लगा तो किसी का पैर लहूलुहान हो गया।
आसमान में उड़ते चाइनीज मांझे को रोकने में नाकाम रही
इंदौर के हेमराज का गला कटा, महू में महिला की नाक कटी
इंदौर में 3 दिन पहले चाइनीज मांझे से हुई थी एक मौत
इंदौर। मकर संक्रांति पर चाइनीज मांझा (Chinese Manjha) प्रशासन के दावों पर भारी पड़ा। इंदौर सहित मालवा-निमाड़ में बुधवार को 15 लोग घायल हो गए। इंदौर में चार की गर्दन कटी, उज्जैन में छह, महू में तीन जबकि शाजापुर और देवास में एक-एक व्यक्ति हादसे का शिकार हुए। किसी की गर्दन पर गहरा कट लगा तो किसी का पैर लहूलुहान हो गया। यह सब उस वक्त हुआ जब प्रशासन सख्ती के बड़े-बड़े दावे कर रहा था। शहर-शहर पुलिस जरूर दिखी, लेकिन आसमान में उड़ती पतंगों को निहारती रही। मांझे को रोकने वाला कोई नजर नहीं आया, हादसे होते रहे।
इंदौर में चार बड़े हादसे: चेहरे और गर्दन पर आए गहरे जख्म
इंदौर में तीन इमली ब्रिज पर चाइनीज मांझे की चपेट में आने से 29 वर्षीय हेमराज चौरसिया का गला कट गया, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है। जूनी इंदौर ब्रिज पर बाइक से जा रहे प्रेम भंडारी की ठोड़ी पर आठ टांके आए। वहीं, रामानंद नगर निवासी माधव वसूनिया का चेहरा बुरी तरह कट गया, जिन्हें जिला अस्पताल में दस टांके लगाए गए। नंदानगर में बेजु सोनी भी घायल हुए। बता दें कि इंदौर में तीन दिन पहले ही टाइल्स ठेकेदार रघुवीर धाकड़ की गर्दन कटने से मौत हो गई थी, जबकि पिछले साल छात्र गुलशन जाटव ने भी दम तोड़ा था।
