भाजपा नेता से बहस के बाद महू नाके पर बवालसड़क पर लेटे कार्यकर्ता, डेढ़ घंटे से चक्काजाम जारी

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

ट्रैफिक पुलिस पर अभद्रता के आरोप

इंदौर। महू नाके पर शुक्रवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा करते हुए चक्काजाम कर दिया। विधानसभा क्रमांक-4 के प्रभारी वीरेंद्र शेंडगे और ट्रैफिक पुलिस की महिला अधिकारी के बीच हुई बहस के बाद मामला इतना बढ़ गया कि बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। गुस्साए कार्यकर्ता सड़क पर बैठ गए, वहीं कई कार्यकर्ता विरोध जताते हुए रोड पर लेट गए।
प्रदर्शन के चलते महू नाका और आसपास के इलाकों में लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। करीब डेढ़ घंटे से यातायात पूरी तरह प्रभावित है और खबर लिखे जाने तक चक्काजाम जारी है। वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कार्यकर्ताओं का आरोप है कि महू नाके पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मी आए दिन आम लोगों से अभद्र व्यवहार करते हैं। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और फिर प्रदर्शन शुरू हो गया। प्रदर्शनकारियों ने ट्रैफिक अधिकारी राधा यादव और राधा धुर्वे के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी की।
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने कार्यकर्ताओं को समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

Exit mobile version