बेटा-बेटी के पास विदेश नहीं जाना चाहते थे सुधीर:पत्नी से विवाद के बाद कारोबारी ने खुद को गोली मार ली, मौत

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

लसूड़िया क्षेत्र में हार्डवेयर व्यापारी सुधीर पाटनी (62) ने रविवार रात लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। दंपती का बेटा-बेटी यूएस में रहते हैं। दंपती के बीच बच्चों के पास जाने को लेकर विवाद चल रहा था। रविवार रात दंपती के बीच फिर विवाद हुआ। इसके बाद सुधीर ने कनपटी में गोली मार ली। देर रात जब पत्नी कमरे में पहुंची तो सुधीर लहूलुहान पड़े थे।
एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह के मुताबिक सुधीर पाटनी का हार्डवेयर का बिजनेस था। बेटा-बेटी दोनों विवाहित हैं और यूएस में रहते हैं। टीआई राजकुमार यादव के मुताबिक बेटी के घर कार्यक्रम था, जिसमें शामिल होने के लिए दंपती को अमेरिका जाना था।
सोमवार सुबह उन्हें एयरपोर्ट के लिए निकलना था। सुधीर अमेरिका नहीं जाना चाहते थे। वह पत्नी को भी जाने से रोक रहे थे। उनका कहना था कि यहां की व्यवस्था बिगड़ जाती है। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हो रहा था।
पिस्टल चलाई तो डर से पत्नी माता-पिता के पास चली गई सुधीर पाटनी के साथ उनके सास-ससुर भी रहते हैं। दंपती के बीच रविवार रात करीब 11 बजे विवाद बढ़ा तो सुधीर ने पिस्टल निकाल ली। इस दौरान पत्नी ने पिस्टल छुड़ाने की कोशिश की। विवाद के दौरान सुधीर ने पांच राउंड फायर किए। इससे डर कर पत्नी नीचे हॉल में अपने माता-पिता के पास आ गई। देर रात करीब 2 बजे वह एयरपोर्ट जाने के लिए सूटकेस लेने कमरे में पहुंची तो देखा कि वहां पति खून से लथपथ पड़े थे।

Exit mobile version