डेढ़ करोड़ रुपये मूल्य की शासकीय भूमि अतिक्रमण मुक्त, अवैध कॉलोनी का निर्माण भी ध्वस्त
इंदौर जिले में शासकीय भूमि पर अतिक्रमण एवं अवैध कब्जे करने तथा अवैध कालोनी विकसित करने वालों के विरुद्ध मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार अभियान चलाकर लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा शासकीय भूमि पर अतिक्रमण एवं अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत शुक्रवार को बिचौली हप्सी अनुभाग में प्रभावी एवं बड़ी कार्रवाई की गई। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) श्री अजय भूषण शुक्ला, तहसीलदार श्री अनिल पटेल, हल्का पटवारी एवं राजस्व अमले की संयुक्त टीम ने ग्राम बिहाड़िया में शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाकर लगभग 1.5 करोड़ रुपये मूल्य की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया।
कार्रवाई के दौरान ग्राम बिहाड़िया स्थित भूमि सर्वे क्रमांक 264/1, रकबा 6.438 हेक्टेयर में से राजाराम पिता शंकरलाल यादव द्वारा शासकीय भूमि के लगभग एक एकड़ क्षेत्र पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया। इस दौरान मौके पर बने टिन शेड को ध्वस्त कर शासकीय भूमि को कब्जा मुक्त कराया गया।
इसके साथ ही अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध अभियान के तहत अवैध कॉलोनाइजर अतुल अग्रवाल द्वारा भूमि सर्वे क्रमांक 241/6/1 एवं 241/6/2 पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी के निर्माण को भी ध्वस्त किया गया। यह कॉलोनी भूमि स्वामी श्रवण यादव, लाल सिंह, लक्ष्मीनारायण पिता मोहन एवं अन्य की भूमि पर बिना वैधानिक अनुमति के विकसित की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान एसडीएम श्री अजय भूषण शुक्ला, तहसीलदार श्री अनिल पटेल सहित राजस्व विभाग का अमला उपस्थित रहा।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा है कि शासन के निर्देशानुसार अवैध अतिक्रमण एवं अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध इसी प्रकार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
