बाइक निकालने पर विवाद, आधा दर्जन घायल :इंदौर के छत्रीपुरा में दो पक्ष भिड़े; पत्थरबाजी भी की, थाने के बाहर किया हंगामा

By Abhishek Raghuvanshi
1 Min Read

इंदौर के छत्रीपुरा क्षेत्र में बाइक निकालने की बात पर दो पक्षों में विवाद इतना बढ़ गया कि पत्थरबाजी तक पहुंच गया। घटना में करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने सभी घायलों का मेडिकल कराकर मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक ओटकर परिवार और दूसरे पक्ष के बीच रास्ते से बाइक निकालने को लेकर कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
विवाद के बाद एक पक्ष के लोगों ने पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसमें दूसरे पक्ष के करीब चार लोग घायल हो गए, जबकि ओटकर परिवार का एक सदस्य भी सिर में चोट लगने से घायल हुआ है।
रात में थाने के बाहर हंगामा, बाद में समझौता किया
घटना के बाद माता महारानी नगर के लोग थाने पहुंच गए और वहां भी जमकर हंगामा किया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। खुफिया शाखा के जवानों ने भी मौके पर पहुंचकर भीड़ को हटाया।
जानकारी के मुताबिक, देर रात दोनों पक्षों के बीच एफआईआर दर्ज होने के बाद लिखित समझौता हो गया। फिलहाल पुलिस ने किसी की गिरफ्तारी नहीं की है।

Exit mobile version