बरसात में जलजनित एवं मच्छरजनित रोगों से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की एडवाइजरी जारी

By Abhishek Raghuvanshi
4 Min Read

स्वच्छ पेयजल, साफ-सफाई और मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने की अपील, आरआरटी टीमें भी अलर्ट

वर्षा ऋतु के दौरान जलजनित एवं मच्छरजनित रोगों के बढ़ते खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने आमजन के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है। विभाग ने कहा है कि मानसून के मौसम में दूषित पानी, अस्वच्छता और जलभराव के कारण डायरिया, टाइफाइड, हेपेटाइटिस, पीलिया, पैचिश, हैजा, मलेरिया एवं डेंगू जैसी बीमारियों का खतरा काफी बढ़ जाता है। विशेष रूप से बच्चे और शिशु इन बीमारियों से अधिक प्रभावित होते हैं।

दूषित पानी से बढ़ता है संक्रमण का खतरा

स्वास्थ्य विभाग के अनुसार वर्षा और बाढ़ के बाद जल स्रोतों के दूषित होने से जलजनित रोग तेजी से फैलते हैं। इनसे बचाव के लिए सुरक्षित एवं उबला हुआ पेयजल उपयोग करने, भोजन स्वच्छ तरीके से तैयार करने तथा व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने की सलाह दी गई है। भोजन करने से पहले और शौच के बाद साबुन से हाथ धोना संक्रमण से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

- Advertisement -

स्वच्छता अपनाएं, दस्त रोग से बचें

विभाग ने बताया कि दूषित जल और अस्वच्छ आदतों के कारण दस्त, कृमि संक्रमण, त्वचा एवं आंखों के रोगों का खतरा बढ़ जाता है। छोटे बच्चों में दस्त की समस्या गंभीर रूप ले सकती है और शरीर में पानी की कमी होने पर जानलेवा भी साबित हो सकती है।

दस्त से बचाव के लिए नागरिकों से अपील की गई है कि वे—

• केवल शुद्ध पेयजल एवं स्वच्छ भोजन का उपयोग करें।
• सड़े-गले फल एवं खाद्य पदार्थों का सेवन न करें।
• खुले में शौच न करें तथा शौचालय का उपयोग करें।
• घर एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखें।
• कहीं भी पानी जमा न होने दें तथा जल निकासी की समुचित व्यवस्था रखें।
• हरी सब्जियों एवं फलों को उपयोग से पहले अच्छी तरह साफ पानी से धोएं।
• दस्त होने पर चिकित्सकीय सलाह से ओआरएस घोल एवं जिंक सल्फेट की गोली का सेवन करें।
• मक्खियों से बचाव के लिए आवश्यक उपाय अपनाएं।
मलेरिया और डेंगू से बचाव के लिए बरतें विशेष सावधानी

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि बरसात के मौसम में मलेरिया एवं डेंगू फैलाने वाले मच्छरों का प्रजनन तेजी से होता है। खेतों, तालाबों, गड्ढों, पुराने टायरों, टूटे बर्तनों, पशुओं के पानी के टैंकों, कूलर, फुलदान और फ्रिज ट्रे में जमा पानी मच्छरों के लार्वा पनपने का प्रमुख कारण बनता है।

मलेरिया एवं डेंगू से बचाव के लिए नागरिकों को सलाह दी गई है कि—

• घर के आसपास पानी जमा न होने दें।
• रुके हुए पानी में मिट्टी का तेल या जला हुआ ऑयल डालें।
• कूलर, फुलदान एवं फ्रिज ट्रे की सप्ताह में कम से कम एक बार सफाई करें।
• सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करें।
• आवश्यकतानुसार कीटनाशक का छिड़काव कराएं।
• बुखार आने पर तुरंत रक्त जांच कराएं तथा चिकित्सक की सलाह के अनुसार पूरा उपचार लें।
• आरआरटी टीमें अलर्ट मोड पर

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि जिले की सभी रैपिड रिस्पांस टीम (आरआरटी) को सक्रिय कर दिया गया है। उन्हें निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी क्षेत्र में जलजनित या मच्छरजनित रोगों के प्रकोप अथवा किसी आकस्मिक स्थिति की सूचना तत्काल जिला मुख्यालय को उपलब्ध कराई जाए, ताकि समय पर आवश्यक नियंत्रण एवं उपचारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Exit mobile version