इंदौर की भागीरथपुरा पुलिस चौकी में बाइक चोरी के आरोप में पकड़े गए 45 वर्षीय रामजी की रविवार दोपहर पुलिस हिरासत में मौत हो गई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ के दौरान रामजी ने बाथरूम में जाकर फिनाइल पी लिया।
आनन-फानन में पुलिसकर्मी उसे 7.1 किमी दूर जिला अस्पताल ले गए, जहां उसने दम तोड़ दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी ने चौकी प्रभारी और एक सिपाही को सस्पेंड कर न्यायिक जांच के आदेश दे दिए हैं।
बाणगंगा टीआई सियाराम गुर्जर के अनुसार, मृतक रामजी (45) पिता रामचंद्र झा शीतल नगर का रहने वाला था। शनिवार को उसे चोरी की एक बाइक के साथ गिरफ्तार किया गया था। वह अपने कब्जे से मिली चोरी की बाइक के बारे में कुछ नहीं बता रहा था।
इसलिए रविवार को पुलिसकर्मी उसे पूछताछ के लिए उसके घर भी ले गए थे। वहां से वापस लाकर उसे चौकी पर बैठाया गया। दोपहर में उसने प्यास लगने की बात कही। पुलिस के मुताबिक, वह पानी पीने के बहाने बाथरूम में गया और वहां रखा फिनाइल पी लिया।
तबीयत बिगड़ने पर पुलिस उसे शाम करीब 6:30 बजे जिला अस्पताल लाई, जहां उसे एमवायएच रैफर किया गया। एमवाय में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। टीआई ने बताया कि मृतक पर पहले से 3 केस दर्ज थे। उसका परिवार से विवाद रहता था और वह उन्हें धमकियां भी देता था।
परिजन का सवाल- 7.1 किमी दूर क्यों ले गए? घटना के बाद मृतक के परिजनों और लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि चौकी से जिला अस्पताल की दूरी 7.1 किमी है, जबकि चौकी के पास कई निजी अस्पताल मौजूद थे। पुलिस उसे तुरंत पास के अस्पताल ले जाने के बजाय इतनी दूर क्यों ले गई? समय पर इलाज मिलता तो शायद जान बच सकती थी।
पूरे मामले की न्यायिक जांच के लिए पत्र लिख दिया गया है। फिलहाल भागीरथपुरा चौकी प्रभारी एसआई संजय धुर्वे और सिपाही योगेंद्र कौरव को सस्पेंड कर दिया गया है। जांच में यदि अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका सामने आती है, तो उन पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। – राजेश व्यास, डीसीपी
पुलिस कस्टडी में पहले भी जा चुकी हैं जानें
अप्रैल 2019: वाहन चोरी की शंका में 22 वर्षीय संजू (पिता इंदरसिंह, निवासी रिजलाय) को टीआई नीता देअरवाल के निर्देश पर पुलिस थाने लाई थी। यहां सख्ती से पूछताछ और मारपीट के बाद उसकी मौत हो गई। टीआई सहित आधा स्टाफ सस्पेंड हुआ था।
सितंबर 2022: मानपुर थाने में लूट के आरोपी अर्जुन (पिता देवकरण) की कस्टडी में मौत हुई। 3-5 पुलिसकर्मी निलंबित हुए, टीआई विजय सिसौदिया लाइन अटैच किए गए थे।
दिसंबर 2015: एमआईजी थाने में चोरी के मामले में लाए गए युवक पंकज वैष्णव ने रात करीब 8 बजे शौचालय में फांसी लगा ली थी। टीआई सहित अन्य पुलिसकर्मियों पर केस दर्ज हुए थे।
राजेंद्र नगर थाने के सब इंस्पेक्टर मनोहर पाल को हाल ही में सस्पेंड किया गया है। उनकी प्रताड़ना के चलते एक युवक ने आत्महत्या कर ली थी।
