संभागायुक्त से की भेंट, कर्मचारियों के हित में लिए गए निर्णयों के लिए दिया धन्यवाद
संभागायुक्त कार्यालय एवं संभाग के अधीनस्थ जिला कार्यालयों में कार्यरत स्टेनोग्राफर वर्ग-3 के कर्मचारियों को स्टेनोग्राफर वर्ग-2 के पद पर स्थानापन्न रूप से पदोन्नत किए जाने के आदेश के बाद कर्मचारियों ने आज संभागायुक्त कार्यालय में संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े से सौजन्य भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से पदोन्नति की प्रतीक्षा कर रहे कर्मचारियों को यह निर्णय मिलने से उनमें नया उत्साह और कार्य के प्रति नई ऊर्जा का संचार हुआ है। उन्होंने संभागायुक्त डॉ. खाड़े का धन्यवाद देते हुए विश्वास दिलाया कि वे नई जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं दक्षता के साथ निर्वहन करेंगे।
उल्लेखनीय है कि संभागायुक्त कार्यालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार संभागायुक्त कार्यालय एवं अधीनस्थ जिला कार्यालयों में कार्यरत स्टेनोग्राफर वर्ग-3 के पांच कर्मचारियों को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से आगामी आदेश तक स्थानापन्न रूप से स्टेनोग्राफर वर्ग-2 के पद पर पदोन्नत किया गया है।
पदोन्नत कर्मचारियों में संभागायुक्त कार्यालय में पदस्थ श्री विजय कुमार देशपाण्डे और श्री महेश तोमर तथा कलेक्टर कार्यालय खरगोन में पदस्थ श्री अजय मुकाती , कलेक्टर कार्यालय खण्डवा में पदस्थ श्री रामलाल पंचौरे तथा कलेक्टर कार्यालय इंदौर में पदस्थ श्री राहुल जैन शामिल हैं।
संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े ने सभी कर्मचारियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे अपने अनुभव और कार्यकुशलता का उपयोग करते हुए शासन की योजनाओं एवं प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने में योगदान दें तथा आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करें।
