नाबालिग को घुमाने के बहाने ले गया, होटल में दुष्कर्म:मोबाइल से खुला राज, आरोपी फरार, धमकाकर संपर्क में रखता रहा; पॉक्सो में केस दर्ज किया

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। आरोपी पहले उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया और होटल में वारदात को अंजाम दिया। दो महीने बाद मोबाइल मिलने पर पूरा मामला उजागर हुआ, जिसके बाद पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक, इलाके में रहने वाली एक महिला अपनी नाबालिग बेटी के साथ बुधवार को थाने पहुंची और रोशन यादव नाम के युवक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। महिला ने बताया कि उसकी दूसरी शादी हो चुकी है और पीड़िता उसकी पहली शादी से है।
घटना फरवरी की बताई जा रही है, जब महिला का पति काम के सिलसिले में खुड़ैल क्षेत्र गया था और रात में वहीं रुक गया। इसी दौरान नाबालिग घर से लापता हो गई। परिजनों ने तलाश शुरू की तो जानकारी मिली कि वह उज्जैन में है। इसके बाद परिजन नानाखेड़ा पहुंचे, जहां लड़की आरोपी रोशन के साथ मिली। उस समय समझाइश देकर आरोपी को छोड़ दिया गया और लड़की को वापस घर ले आए।
मामला उस वक्त खुला जब दो दिन पहले नाबालिग के पास से एक मोबाइल फोन मिला, जिसे उसने घर में छिपाकर रखा था। पूछताछ में उसने बताया कि यह मोबाइल आरोपी ने दिया था और वह उसे लगातार बात करने के लिए दबाव बना रहा था। साथ ही बदनाम करने की धमकी भी दे रहा था।
नाबालिग ने परिजनों को बताया कि फरवरी में आरोपी उसे रात में उज्जैन रोड स्थित एक होटल में ले गया था, जहां उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए। इसके बाद से वह लगातार डराकर अपने संपर्क में बनाए रखने की कोशिश कर रहा था।
मामले की जानकारी मिलने पर परिजन तत्काल थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है।

Exit mobile version