नाबार्ड एवं एनएसएफडीसी के सहयोग से आईजीटीआर इंदौर में 75 दिवसीय सीएनसी मिलिंग कौशल विकास प्रशिक्षण का सफल समापन

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

युवाओं को तकनीकी कौशल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं रोजगारपरक बनाने के उद्देश्य से राष्ट्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास बैंक (NABARD) द्वारा प्रायोजित 75 दिवसीय “सीएनसी मिलिंग (असिस्टेंट ऑपरेटर)” कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का इंडो जर्मन टूल रूम (IGTR), इंदौर में सफलतापूर्वक समापन हुआ। यह कार्यक्रम NABARD द्वारा राष्ट्रीय अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम (NSFDC) को स्वीकृत किया गया था, जिसे आगे इंडो जर्मन टूल रूम इंदौर को संचालन हेतु स्वीकृत किया गया। इस अवसर पर इंडो जर्मन टूल रूम परिसर में समापन समारोह गत दिवस को आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य युवाओं को आधुनिक औद्योगिक तकनीकों से जोड़ना और उन्हें बेहतर रोजगार के अवसरों के लिए तैयार करना था। इस 75 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में 25 युवाओं ने सीएनसी मिलिंग मशीन संचालन, तकनीकी ज्ञान एवं औद्योगिक कार्यप्रणाली का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक प्राप्त किया।
समापन समारोह में अतिथि के रूप में NSFDC की महाप्रबंधक श्री रतिकान्त जेना, IGTR महाप्रबंधक श्री डी. वी. रौतेला, एवं नाबार्ड इंदौर के जिला विकास प्रबंधक श्री सुहास पत्रे, उपस्थित रहे। इसके साथ ही इंडो जर्मन टूल रूम के प्रशिक्षण विभाग प्रमुख श्री विनीत कुमार गर्ग, श्री एन एस बीघा, दीर्घकालीन पाठ्यक्रम प्रभारी, श्री शैलेन्द्र खरकाटे, इंजीनियर एवं पाठ्यक्रम समन्वयक डी. पी. महतो भी मौजूद रहे।
समापन समारोह में अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों को कौशल विकास के महत्व, उद्योग क्षेत्र में उपलब्ध अवसरों एवं आत्मनिर्भरता के लिए आवश्यक प्रयासों के बारे में मार्गदर्शन दिया। इस दौरान युवाओं को शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं (PMJJBY, PMSBY, APY, NPS) की जानकारी भी प्रदान की गई। साथ ही भविष्य के लिए बचत की आदत विकसित करने एवं वित्तीय जागरूकता के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। अतिथियों ने प्रशिक्षणार्थियों को अपने कौशल का उपयोग कर आगे बढ़ने और बेहतर रोजगार अवसर प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से IGTR, इंदौर द्वारा प्लेसमेंट ड्राइव का आयोजन किया जाएगा। नाबार्ड एवं एनएसएफडीसी के सहयोग से संचालित यह पहल युवाओं को कौशल, रोजगार एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

Exit mobile version