खंडवा रोड स्थित सिमरोल क्षेत्र के भेरू घाट में शनिवार सुबह 11 बजे एक वाहन खराब हो गया। इससे क्षेत्र में कई किमी तक जाम लग गया। करीब 5 घंटे तक सैकड़ों वाहन गर्मी में फंस रहे। तीन दिन में दूसरी बार भेरू घाट क्षेत्र में जाम की स्थिति बनी है।
रॉन्ग साइड से ओवरटेक करने वालों ने बढ़ाई मुसीबत- पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घाट चढ़ाई के दौरान एक वाहन खराब हो गया था। इसी बीच कुछ वाहन चालकों ने ओवरटेक कर निकलने की कोशिश की और रॉन्ग साइड आने लगे। इससे वाहनों की कतार लग गई।
बार-बार बन रही जाम की स्थिति
प्रत्यक्षदर्शी लखन यादव ने बताया बड़े टर्न से लेकर भेरू बाबा के मंदिर तक सैकड़ों वाहनों की कतार लग गई थी। लोग घंटों तक वाहनों में बैठे रहे। कुछ लोग तो वाहन छोड़कर पैदल ही सिमरोल तक पहुंचे। इधर, सिमरोल टीआई अमित कुमार ने बताया मार्ग संकरा होने व वाहन खराब होने से वाहन फंसे रहे। हमने 5-6 घंटे में जाम खुलवा दिया था।
