Youth Congress Jan Adhikar Nyay Padyatra: इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पेयजल से हुई मौतों के विरोध में युवा कांग्रेस आज से जन अधिकार न्याय पदयात्रा शुरू कर रही है। यह यात्रा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में निकलेगी। युवा कांग्रेस ने एक करोड़ रुपये मुआवजा और न्यायिक जांच की मांग की है। यह यात्रा जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों से होते हुए चरणबद्ध रूप से पूरे MP में निकालेगी।
युवा कांग्रेस की जन अधिकार न्याय पदयात्रा आज से शुरू होकर सभी विधानसभा क्षेत्रों में जाएगी। (AI Generated Image)
भोपाल: इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पेयजल से हुई मौतों के विरोध में मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस बुधवार को इंदौर से जन अधिकार न्याय पदयात्रा की शुरुआत करेगी। यह पदयात्रा पांच फरवरी तक इंदौर जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों में निकाली जाएगी। इसके बाद इसे चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के अन्य जिलों तक विस्तारित किया जाएगा।
जन समस्याओं को बनाया जाएगा मुद्दा
पदयात्रा के दौरान दूषित जल प्रदाय, बिजली, पानी, महंगाई, बेरोजगारी, कानून व्यवस्था और अन्य स्थानीय जन समस्याओं को प्रमुखता से उठाया जाएगा। युवा कांग्रेस का उद्देश्य इन मुद्दों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करना और आम जनता को जागरूक करना है।
सरकार पर गंभीर आरोप
प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष यश घनघोरिया ने मंगलवार को भोपाल में पदयात्रा की जानकारी देते हुए सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इंदौर में दूषित पेयजल से हुई मौतें सरकार के कुप्रशासन का परिणाम हैं। उन्होंने इसे सरकार द्वारा की गई हत्या करार दिया।
मुआवजे की राशि पर आपत्ति
यश घनघोरिया ने कहा कि सरकार द्वारा मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये का मुआवजा देना अन्याय है। युवा कांग्रेस की मांग है कि प्रत्येक पीड़ित परिवार को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए और मामले की जांच सेवानिवृत्त न्यायाधीश से कराई जाए।
