दूध एवं दुग्ध उत्पादों की विशेष जांच अभियान के तहत 9 डेयरी एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, 37 खाद्य नमूने जांच हेतु संग्रहित

By Abhishek Raghuvanshi
8 Min Read

मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब से स्पॉट टेस्टिंग

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेश में खाद्य पदार्थों में मिलावट करने वालों के विरुद्ध सतत एवं सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आयुक्त, खाद्य सुरक्षा मध्यप्रदेश एवं नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, मध्यप्रदेश द्वारा दूध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट की रोकथाम हेतु प्रदेशव्यापी विशेष निरीक्षण एवं सैंपलिंग अभियान संचालित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। उक्त निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के मार्गदर्शन में इंदौर जिले में खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत डेयरी प्रतिष्ठानों, दूध एवं दुग्ध उत्पाद विक्रेताओं तथा मिठाई प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण कर खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों की जांच की जा रही है। संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित कर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे जा रहे हैं तथा आवश्यकतानुसार फूड सेफ्टी ऑन व्हील्स (Mobile Food Testing Laboratory – MFTL) के माध्यम से मौके पर ही प्रारंभिक जांच भी की जा रही है।

20 जुलाई 2026 की कार्रवाई

विशेष अभियान के अंतर्गत मदनी दूध डेयरी एवं स्वीट्स, नेताजी सुभाष मार्ग का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रोपराइटर श्री शेरू खान उपस्थित पाए गए। प्रतिष्ठान से मिश्रित दूध, पनीर, घी, दही, मलाई बर्फी एवं मिल्क केक के कुल 06 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। निरीक्षण के दौरान जिस रेफ्रिजरेटर में पनीर एवं दही का भंडारण किया जा रहा था उसकी साफ-सफाई संतोषजनक नहीं पाई गई। खाद्य कारोबारकर्ता को रेफ्रिजरेटर की नियमित सफाई, उचित तापमान पर खाद्य पदार्थों का भंडारण एवं स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
इसी क्रम में सांवरिया दूध भंडार, दौलतगंज का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रोपराइटर श्री पुरुषोत्तम मेहता उपस्थित पाए गए। प्रतिष्ठान से दूध एवं दही के कुल 02 नमूने जांच हेतु लिए गए।

- Advertisement -

21 जुलाई 2026 की कार्रवाई

शिवशक्ति मिल्क एण्ड स्वीट्स सेंटर, कृष्णा प्रकाश सदन, स्कीम नंबर-78, विजय नगर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (MFTL) की सहायता से दूध एवं दुग्ध उत्पादों की मौके पर ही प्रारंभिक जांच की गई। साथ ही दूध, दही, पनीर एवं घी के कुल 04 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।
इसके पश्चात अंबे डेयरी एण्ड स्वीट्स, सेक्टर-बी, अरण्य नगर, इंदौर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी श्री मुकेश मेहता उपस्थित पाए गए। यहां भी मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (MFTL) के माध्यम से दूध एवं दुग्ध उत्पादों की मौके पर प्रारंभिक जांच की गई। साथ ही दूध के 04 नमूने एवं पनीर का 01 नमूना, कुल 05 खाद्य नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।

जिले के बाहर से तैयार होकर आने वाले दुग्ध उत्पादों की भी जांच

श्री कृष्ण दूध दही भंडार, स्कीम नंबर-78 का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रोपराइटर श्री दिलीप यादव उपस्थित पाए गए। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि प्रतिष्ठान संचालक द्वारा जिला राजगढ़ स्थित प्लांट से विभिन्न दूध एवं दुग्ध उत्पाद मंगवाकर इंदौर शहर में विक्रय किए जाते हैं। ऐसे उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (MFTL) के माध्यम से मौके पर ही प्रारंभिक जांच की गई। साथ ही दूध, पनीर, मावा एवं घी के कुल 04 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।
इसी क्रम में मां अंबे दूध दही भंडार एण्ड किराना स्टोर, सुदामा नगर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रोपराइटर श्री अंकित पाटीदार उपस्थित पाए गए। प्रतिष्ठान से दूध एवं दही के कुल 02 नमूने जांच हेतु लिए गए। इसके पश्चात पाटीदार डेयरी, देव नगर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रोपराइटर श्री विष्णु पाटीदार उपस्थित पाए गए। प्रतिष्ठान से दूध, दही, पनीर, मावा, घी एवं पेड़ा के कुल 06 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।
इसी क्रम में पूजा नमकीन, स्वीट्स एण्ड डेयरी, विदुर नगर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान श्री फतेह सिंह उपस्थित पाए गए। प्रतिष्ठान से दूध, दही, पनीर, मावा एवं मिठाई के कुल 05 नमूने जांच हेतु लिए गए। इसके उपरांत कृष्ण नमकीन, स्वीट्स एण्ड एवरफ्रेश, विदुर नगर का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान श्री राजेंद्र राजपूत उपस्थित पाए गए। प्रतिष्ठान से दूध, दही एवं नमकीन के कुल 03 नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए।

खाद्य कारोबारकर्ताओं को दिए गए विशेष निर्देश

निरीक्षण के दौरान सभी डेयरी एवं दुग्ध उत्पाद प्रतिष्ठानों को निर्देशित किया गया कि दूध एवं दुग्ध उत्पाद अत्यंत शीघ्र खराब होने वाली (Highly Perishable) खाद्य श्रेणी में आते हैं। अतः इनका निर्धारित तापमान पर सुरक्षित भंडारण करते हुए कोल्ड चेन का निरंतर पालन किया जाए। रेफ्रिजरेटर एवं कोल्ड स्टोरेज की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा खाद्य पदार्थों का भंडारण स्वच्छ एवं वैज्ञानिक तरीके से किया जाए।
इसके अतिरिक्त खाद्य कारोबारकर्ताओं को व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने, फूड हैंडलर्स के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र अद्यतन रखने, परिसर में नियमित पेस्ट कंट्रोल कराने, खाद्य निर्माण एवं उपयोग में केवल स्वच्छ पेयजल का उपयोग करने, खाद्य पदार्थों को दूषित होने से बचाने, एक्सपायरी अवधि एवं बैच विवरण का विशेष ध्यान रखने तथा खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 एवं उसके अंतर्गत बनाए गए नियमों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

वैधानिक कार्रवाई

दो दिवसीय विशेष अभियान के दौरान कुल 09 डेयरी एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया तथा 37 खाद्य नमूने जांच हेतु संग्रहित किए गए। इनमें से 03 प्रतिष्ठानों पर मोबाइल फूड टेस्टिंग लैब (MFTL) के माध्यम से दूध एवं दुग्ध उत्पादों की मौके पर प्रारंभिक जांच भी की गई। संग्रहित सभी नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजा जा रहा है। जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के उपरांत खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा कि आमजन को शुद्ध, सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण दूध तथा दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। दूध एवं दुग्ध उत्पादों में मिलावट तथा अनुचित भंडारण के विरुद्ध यह विशेष अभियान निरंतर जारी रहेगा। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले किसी भी प्रतिष्ठान के विरुद्ध नियमानुसार कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आम नागरिकों से अपील की कि यदि किसी डेयरी, मिठाई प्रतिष्ठान अथवा अन्य खाद्य कारोबार में मिलावट, अस्वच्छता अथवा अन्य अनियमितता प्रतीत होती है तो इसकी सूचना कलेक्टर हेल्पलाइन 0731-181, CM हेल्पलाइन, FoSCoS पोर्टल अथवा अन्य उपलब्ध माध्यमों से दें। प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन द्वारा त्वरित जांच एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Exit mobile version