3,000 से अधिक रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाएं निर्मित
विकासखंड स्तरीय जल गंगा संवर्धन अभियान का समापन समारोह ग्राम जामली में संपन्न
डॉ. अंबेडकर नगर (महू) विधायक सुश्री उषा ठाकुर के मार्गदर्शन में जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के जनआंदोलन “जल गंगा संवर्धन अभियान” विकासखंड डॉ. अंबेडकर नगर (महू) का समापन समारोह ग्राम जामली स्थित तालाब परिसर में उत्साह एवं जनभागीदारी के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद पंचायत अध्यक्ष श्री सरदार मालवीय, विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष श्री बीरबल डाबर और जनपद पंचायत के सदस्यगण एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी का विशेष संदेश मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत श्री गिरिराज दुबे द्वारा उपस्थित जनसमुदाय को वाचन कर सुनाया गया। इसके पश्चात श्री दुबे ने जल गंगा संवर्धन अभियान के उद्देश्य, जनसहभागिता, जल संरक्षण की आवश्यकता तथा अभियान के अंतर्गत विकासखंड में किए गए विभिन्न कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान विकासखंड डॉ. अंबेडकर नगर (महू) में 1,230 जल संरचनाओं का उपचार (ट्रीटमेंट) कर उन्हें जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन के लिए उपयोगी बनाया गया। साथ ही जनसहभागिता एवं शासकीय प्रयासों से 3,000 से अधिक रूफटॉप रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं का निर्माण कराया गया, जिससे वर्षा जल के अधिकतम संचयन एवं भूजल पुनर्भरण को बढ़ावा मिलेगा।
मुख्य अतिथि श्री सरदार मालवीय ने अपने उद्बोधन में कहा कि जल संरक्षण केवल शासकीय कार्यक्रम नहीं बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है। उन्होंने सभी ग्राम पंचायतों एवं नागरिकों से अपील की कि अभियान के दौरान प्रारंभ किए गए कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाते हुए जल स्रोतों के संरक्षण, पौधारोपण तथा वर्षा जल संचयन को जनआंदोलन का स्वरूप दें। श्री मालवीय द्वारा बताया गया कि जनपद द्वारा जानापाव से निकलने वाली गंभीर नदी के पुनर्जीवन का अभियान संचालित किया जा रहा है । इसमें सभी की भागीदारी आवश्यक है।
क्षेत्रीय जनपद सदस्य श्री पाटीदार द्वारा बताया गया कि गंभीर नदी में हो रहे कार्यों से किसान बहुत प्रसन्न है । इस अभियान से निश्चित ही क्षेत्र की जल समस्या का निराकरण होगा।
समापन समारोह में जनप्रतिनिधियों, ग्राम पंचायत प्रतिनिधियों, स्व-सहायता समूहों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता करते हुए जल संरक्षण का संकल्प लिया एवं सभी के द्वारा एक पेड़ माँ के अभियान में पौधारोपण किया गया एवं सभी ने पेड़ लगाकर उसकी देखभाल करने का संकल्प लिया ।
