शहर की सड़कों को जाम और अव्यवस्थित पार्किंग से मुक्त करने के लिए यातायात पुलिस ने रविवार को अभियान चलाया। इसके तहत 12 पेट्रोलिंग टीमों ने दवा बाजार, जवाहर मार्ग, एयरपोर्ट रोड और विजयनगर जैसे सबसे व्यस्त इलाकों में विशेष पेट्रोलिंग और व्हील लॉक टीमों ने सख्त कार्रवाई की और 150 से ज्यादा वाहनों के चालान बनाए। कार्रवाई के दौरान आरएनटी मार्ग पर बने एक मॉल के सामने भी काफी कारें खड़ी हो जाती थीं, जिन्हें पुलिस ने हटवाया। इसके अलावा सराफा की सड़कों से भी गाड़ियां हटवाईं।
अफसरों का दावा है कि लगातार पेट्रोलिंग का असर अब नजर आने लगा है। जहां पहले बाजारों में अव्यवस्थित पार्किंग से जाम की स्थिति बनती थी, वहीं अब यातायात अधिक सुगम हो गया है। वाहन चालक भी पुलिस की मौजूदगी के चलते नियमों का पालन करने लगे हैं, जिससे भीड़भाड़ वाले इलाकों में राहत महसूस की जा रही है।
पुलिस की अपील : नियम मानें, शहर को आसान बनाएं
यातायात पुलिस केवल कार्रवाई ही नहीं, बल्कि जागरूकता पर भी उतना ही जोर दे रही है। व्यापारियों और स्थानीय लोगों के साथ बैठक कर उन्हें निर्धारित पार्किंग व यातायात नियमों का पालन करने की अपील की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और आने वाले दिनों में और अधिक सख्ती के साथ शहर के अन्य क्षेत्रों में भी कार्रवाई की जाएगी।
यहां हो रही कार्रवाई
यातायात जोन-1 : कालानी नगर, एयरपोर्ट रोड, बड़ा गणपति से कंडीलपुरा, इमली बाजार, अंतिम चौराहा, मरीमाता से बाणगंगा तक ।
यातायात जोन-2 : खजराना, मालवा मिल से पाटनीपुरा, भमोरी, परदेशीपुरा से एलआईजी, रसोमा, विजयनगर क्षेत्र में कार्रवाई हुई।
यातायात जोन-3 : रेलवे स्टेशन, जेल रोड, एमटीएच, आरएनटी मार्ग, एमजी रोड, व्हाइट चर्च से मधुमिलन, पार्क रोड स्टेशन से जंजीरवाला से इंडस्ट्रीज हाउस से व्हाइट चर्च, घंटाघर से गीता भवन सड़क के दोनों तरफ कार्रवाई हुई।
यातायात जोन-4 : सपना संगीता, टॉवर चौराहा से खातीवाला टैंक, ट्रांसपोर्ट नगर टी, चोइथराम चौराहा, सिंधी कालोनी, राजवाड़ा क्षेत्र, जवाहरमार्ग, खजूरी बाजार, सराफा क्षेत्र, भंवरकुआं से भोलाराम उस्ताद मार्ग।
