इंदौर के हीरानगर इलाके में मामूली विवाद के बीच-बचाव में उतरे युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घायल युवक ने इलाज के दौरान गुरुवार तड़के चार बजे दम तोड़ दिया। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि दूसरे की तलाश जारी है।
हीरानगर थाना क्षेत्र के रविदास नगर निवासी 22 वर्षीय मनीष सुनहरे डेकोरेशन का काम करता था। बुधवार रात वह अपने नाबालिग दोस्त के साथ घर से कुछ दूरी पर पाउच लेने गया था। इसी दौरान वहां पहले से कुछ युवक आपस में झगड़ा कर रहे थे।
मनीष ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान आरोपियों ने उस पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि उसके पैर में तीन जगह वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजन उसे तुरंत एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां गुरुवार तड़के करीब 4 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी कृष्णा ठाकुर पर पहले से ही गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह नशे का आदी बताया जा रहा है। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य की तलाश में दबिश दी जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने मनीष के नाबालिग दोस्त से भी पूछताछ की है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मनीष के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में उसकी मां और एक भाई है, जो टेंट हाउस में काम करता है। मनीष भी डेकोरेशन का काम कर परिवार का सहारा बना हुआ था।
