इंदौर जिले में जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण एवं संवर्धन के कार्यों को तेज गति से आगे बढ़ाया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने विभिन्न स्थलों का भ्रमण कर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री वर्मा ने भौरांसला, सिंहासा एवं लिम्बोदागारी तालाबों में किए जा रहे गहरीकरण और सौंदर्यीकरण कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं तथा कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
कलेक्टर श्री वर्मा ने निर्देश दिए कि तालाबों के गहरीकरण एवं विकास कार्यों के दौरान जलाशयों को किसी भी प्रकार की क्षति न पहुंचे। उन्होंने सभी तालाबों का सीमांकन कराने के भी निर्देश दिए, ताकि भविष्य में अतिक्रमण की संभावनाओं को रोका जा सके। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि तालाबों में पानी की आवक के सभी प्राकृतिक मार्ग और चैनल पूरी तरह साफ एवं अवरोधमुक्त रहें। साथ ही जल स्रोतों तक पहुंचने वाले मार्गों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न हो। कलेक्टर श्री वर्मा ने जल संरक्षण के इन कार्यों को जिले के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताते हुए नियमित निगरानी और प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।
कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान के माध्यम से जिले के पारंपरिक जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने के साथ-साथ वर्षा जल के अधिकतम संचयन की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे भविष्य में जल उपलब्धता को सुदृढ़ बनाया जा सके।
