इंदौर में चाइनीज मांझे से 4 घंटे के भीतर 3 बाइक सवार युवकों का गला कट गया। एक युवक की अस्पताल में मौत हो गई जबकि दो की सर्जरी करनी पड़ी है।
पहला हादसा खजराना ब्रिज पर रविवार शाम करीब साढ़े 5 बजे हुआ। मृतक की पहचान रघुवीर धाकड़ के रूप में हुई है, जो बिचौली मर्दाना स्थित ओम साई विहार कॉलोनी का निवासी था। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजन के मुताबिक, रघुवीर टाइल्स के काम की ठेकेदारी करता था। रविवार को छुट्टी होने के बावजूद बाइक से एक साइट देखने गया था। घर लौटते वक्त शकुंतला अस्पताल के पास चाइनीज मांजे की चपेट में आ गया। राहगीरों ने उसके मोबाइल से परिवार को सूचना दी।
सपना-संगीता रोड पर छात्र का गला कटा
इंदौर में ही सपना-संगीता रोड पर करीब साढ़े 5 बजे नीट की तैयारी कर रहे नरेंद्र जामोद का चाइनीज मांझे से गला कट गया। वह अपने दोस्त अनिल चौहान के साथ बाइक से घर की ओर आ रहा था। अनिल उसे उपचार के लिए निजी अस्पताल लेकर पहुंचा।
मूल रूप से धार जिले के देहरी के पास का रहने वाला नरेंद्र इंदौर में रहकर एग्जाम की तैयारी कर रहा है।
तीसरी घटना एरोड्रम थाना इलाके में एयरपोर्ट के सामने की है। यहां आशीष रघुवंशी निवासी स्कीम नंबर 51 का भी बाइक पर जाते समय चाइना मांझे से गला कट गया। उसे उपचार के लिए 60 फीट रोड के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इंदौर में खजराना ब्रिज बना हादसों का हॉटस्पॉट
खजराना ब्रिज और उसके आसपास के इलाकों में खुलेआम पतंगबाजी जारी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि दिनभर वाहन चालकों को पतंग की डोर से जूझना पड़ रहा है। कई लोग हादसे का शिकार होते-होते बचे, जबकि कुछ को गंभीर चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार, पिछले सात दिनों में 15 लाख रुपए से अधिक कीमत का प्रतिबंधित चाइनीज मांजा जब्त किया गया है। चाइनीज मांजा बेचने वालों पर जिला बदर जैसी सख्त कार्रवाई भी की गई, लेकिन इसके बावजूद खजराना, छत्रीपुरा, कनाड़िया, एरोड्रम, मल्हारगंज और एमजी रोड क्षेत्रों में चोरी-छिपे बिक्री जारी है।
हाई कोर्ट में कल देना होगा प्रशासन को जवाब
इंदौर हाई कोर्ट के स्पष्ट आदेशों के बावजूद इंदौर और उज्जैन संभाग में चाइनीज डोर की बिक्री पर पूरी तरह रोक नहीं लग पाई है। मंगलवार को इस मामले की सुनवाई होनी है, जिसमें डिविजन बेंच के सामने प्रशासन को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी होगी। अदालत ने स्वतः संज्ञान लेते हुए पुलिस और प्रशासन से जवाब तलब किया था।
