आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) सेमलिया चाऊ द्वारा सेमलिया चाऊ एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में विगत 11 मई से “घर-घर योग-हर व्यक्ति निरोग” योग जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान जिला आयुष अधिकारी डॉ. हंसा बारिया के निर्देशन में संचालित किया जा रहा है।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. हंसा बारिया ने बताया कि अभियान के अंतर्गत आयुष्मान आरोग्य मंदिर (आयुष) सेमलिया चाऊ की टीम द्वारा घर-घर पहुंचकर आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों एवं ग्रामीण चौपालों पर योग संबंधी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। कार्यक्रमों में ग्रामीणों को दैनिक जीवन में योग को अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है साथ ही नियमित योग अभ्यास भी कराया जा रहा है। इस अवसर पर ग्रामीणों को विभिन्न रोगों को दूर करने वाले योग से होने वाले लाभ और उपयुक्त योगासन की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही ग्रामीणों ने नियमित योगाभ्यास से स्वास्थ्य में आए सकारात्मक परिवर्तनों को साझा कर अन्य लोगों को योग अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान आयुष चिकित्सक डॉ. मनीष पटेल, सीएएमओ डॉ. रीना प्रजापत, योग प्रशिक्षक सुश्री गीतांजलि निकम, श्री लाखन चौधरी तथा श्रीमती दवासाज जूर बाई उपस्थित रहे। सभी ने ग्रामीणों के साथ योग अभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
