खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल द्वारा आईस-लॉली निर्माण इकाई पर कार्रवाईसैकरीन उपयोग एवं अनियमितताएं पाए जाने पर 300 लीटर उत्पाद जब्त, निर्माण कार्य कराया गया बंदविभिन्न प्रतिष्ठानों से कुल 14 नमूने लिए गए

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा प्रशासन इंदौर द्वारा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु सतत जांच कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल द्वारा विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर कुल 14 खाद्य नमूने जांच हेतु लिए गए।
डायमंड पेप्सी पर सख्त कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों के दल द्वारा राजाराम नगर स्थित डायमंड पेप्सी का औचक निरीक्षण किया गया। मौके पर मालिक मनोज कुशवाहा उपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान विभिन्न फ्लेवर जैसे मैंगो, ऑरेंज, काला खट्टा, कोकोनट एवं चॉकलेट फ्लेवर की आइस लॉली का निर्माण एवं पैकिंग किया जाना पाया गया। मौके पर निर्माण कार्य में बोरिंग के पानी का उपयोग किया जाना पाया गया।
जांच के दौरान आइस लॉली निर्माण में सैकरीन (Saccharine) का उपयोग किया जाना पाया गया, जो छोटे बच्चों के सेवन हेतु उपयुक्त नहीं माना जाता। साथ ही उत्पादों पर किसी प्रकार की वैधानिक चेतावनी लेबल पर अंकित नहीं पाई गई। मौके से मैंगो आइस लॉली, ऑरेंज आइस लॉली एवं सैकरीन के कुल 03 नमूने जांच हेतु लिए गए। साथ ही मौके पर संग्रहित लगभग 300 लीटर आइस लॉली जब्त की गई। प्रतिष्ठान में पाई गई कमियों एवं अनियमितताओं के दृष्टिगत सुधार किए जाने तक निर्माण कार्य को स्थगित कराया गया।
विभिन्न फूड कैटेगरी में सैंपलिंग कार्रवाई
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा द्वारा विगत दिवस आयोजित बैठक में विभिन्न फूड कैटेगरी में नमूना कार्रवाई करने हेतु निर्देश दिए गए थे। उक्त निर्देशों के परिपालन में आज विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य नमूने लिए गए।
एफ. सी. इन्टरप्राईजेस तिलक नगर
एफ. सी. इन्टरप्राईजेस तिलक नगर इंदौर का निरीक्षण किया गया। मौके पर प्रोपराइटर जिग्नेश मेहता उपस्थित पाए गए। निरीक्षण के दौरान टोन्ड मिल्क, कंडेंस्ड मिल्क, क्रीम, हनी एवं फ्लेवर्ड मिल्क के कुल 05 नमूने जांच हेतु लिए गए।
डेल्टा मार्केटिंग, ओल्ड पलासिया
इसी क्रम में डेल्टा मार्केटिंग ओल्ड पलासिया इंदौर का निरीक्षण किया गया, जहां प्रभारी पुष्पेंद्र चतुर्वेदी उपस्थित पाए गए। उनकी उपस्थिति में फ्लेवर्ड मिल्क, डेयरी बेस्ड ड्रिंक, लैक्टोज फ्री मिल्क, कुकीज एवं रस्क के कुल 05 नमूने जांच हेतु लिए गए।
सीएम हेल्पलाइन शिकायत पर कार्रवाई
सीएम हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायत के आधार पर विजय श्री सैंडविच, जेल रोड का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बेक समोसा का 01 नमूना जांच हेतु लिया गया।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने कहा है कि आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने खाद्य कारोबारकर्ताओं को स्वच्छता, वैध लाइसेंस, उचित लेबलिंग एवं खाद्य सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं।

Exit mobile version