“कृषि रथ का शुभारंभ” किसानों को खरीफ फसलों की बुआई संबंधी नवीन वैज्ञानिक तकनीकी जानकारी प्रदान करेगा कृषि रथ

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

मध्यप्रदेश शासन द्वारा वर्ष 2026 को कृषि वर्ष (कृषक कल्याण वर्ष) के रूप में मनाया जा रहा है। इसी क्रम में किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग मंत्रालय भोपाल के निर्देशानुसार कृषि एवं संबंधित विभागों द्वारा कृषि के माध्यम से किसानों तक नवीन वैज्ञानिक तकनीकों और कृषि संबंधी जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य इस कृषि रथ का शुभारंभ किया गया है। किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग के उप संचालक ने बताया कि किसानों को खरीफ फसलों की बुआई संबंधी जानकारी पहुँचाने के लिए जिले की विभिन्न विकासखण्डों में कृषि रथ का संचालन किया जा रहा है। इसी संबंध में इस तकनीकी रथ के माध्यम से कृषि विभाग, कृषि विज्ञान केन्द्र, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं अन्य संबंधित विभागों के विषय विशेषज्ञ एवं कृषि वैज्ञानिक किसानों से सीधे संवाद स्थापित कर कृषि और संबंधित क्षेत्रों की उन्नत तकनीकों की जानकारी प्रदान कर रहे हैं।
कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने के उद्देश्य से किसानों को ई-विकास प्रणाली के माध्यम से उर्वरक वितरण, खरीफ सीजन की नवीन तकनीक, उन्नत किस्में, आधुनिक कृषि यंत्र, जैविक एवं प्राकृतिक खेती, फल एवं सब्जी उत्पादन, फ्लोरीकल्चर, मत्स्य पालन तथा दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देने हेतु नई तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। इससे आने वाले वर्षों में उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने के साथ-साथ मूल्य संवर्धन के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि करने का लक्ष्य रखा गया है।
आज इंदौर जिले के चारों विकासखण्डों की 12 ग्राम पंचायतों – पिपल्दा, खण्डेल, शिवनी, हासलपुर, राजपुराकुटी, कुवाली, कुडाना, जामोदी, सिमरोड, धर्माट, पाडल्या एवं छड़ौदा में कृषि रथ द्वारा भ्रमण किया गया। इस दौरान कृषि वैज्ञानिकों द्वारा किसानों को ई-विकास प्रणाली के माध्यम से उर्वरक वितरण तथा आधुनिक कृषि तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।

Exit mobile version