कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण के दिए निर्देश

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने और तालाबों के गहरीकरण पर विशेष ध्यान देने के भी दिए निर्देश
राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक संपन्न

कलेक्टर श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में आज कलेक्टर कार्यालय में राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजस्व प्रकरणों के निराकरण की अधिकारीवार समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री वर्मा ने निर्देश दिए कि सभी राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर श्री वर्मा ने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे शासकीय भूमि पर से अवैध अतिक्रमण और कब्जे को हटाए। अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने तालाबों के गहरीकरण पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।

      कलेक्टर श्री वर्मा ने कहा कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशा के अनुसार सुशासन व्यवस्था के तहत आमजन से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कर पारदर्शी एवं प्रभावी राजस्व प्रशासन सुनिश्चित करें। साथ ही चेतावनी दी कि लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

      बैठक में अविवादित एवं विवादित नामांतरण, बंटवारा तथा सीमांकन संबंधी प्रकरणों के निराकरण की विस्तृत समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री वर्मा ने लंबित मामलों को शीघ्रता से निपटाने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक प्रकरण का निराकरण नियमानुसार और गुणवत्ता के साथ किया जाए।

- Advertisement -

      इस अवसर पर जिले में संचालित राजस्व महाअभियान की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अभियान के अंतर्गत प्राप्त उपलब्धियों और लंबित कार्यों की जानकारी लेते हुए अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। बैठक में सीएम हेल्पलाइन के तहत दर्ज प्रकरणों के निराकरण की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री वर्मा ने निर्देश दिए कि दर्ज प्रकरणों का निर्धारित समय अवधि में अनिवार्य रूप से निराकरण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में उन्होंने स्वामित्व योजना और फार्मर रजिस्ट्री के संबंध में भी समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

      बैठक में अपर कलेक्टर श्री नवजीवन विजय पवार तथा श्री रोशन राय सहित अन्य राजस्व अधिकारी उपस्थित थे।

Exit mobile version