भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के उप महानिदेशक (नामांकन एवं अद्यतन) श्री सिल्जो वी. के. ने गुरूवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय इंदौर स्थित लोक सेवा केंद्र (एलएसके) का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने यहां संचालित आधार सेवाओं एवं नागरिक सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान जिला ई-गवर्नेंस मैनेजर (DeGM) श्री अतुल दुबे उपस्थित थे।
निरीक्षण के दौरान उप महानिदेशक ने केंद्र पर संचालित नवीन आधार नामांकन तथा बायोमेट्रिक एवं डेमोग्राफिक अद्यतन की प्रक्रियाओं का अवलोकन किया और सेवाओं की गुणवत्ता, समयबद्धता तथा कार्यप्रणाली की समीक्षा की। उन्होंने केंद्र पर आने वाले नागरिकों के लिए उपलब्ध सुविधाओं, विशेष रूप से बैठने की व्यवस्था एवं पेयजल सुविधा का भी निरीक्षण किया तथा आवश्यकतानुसार इन्हें बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
श्री सिल्जो वी. के. ने लोक सेवा केंद्र में यूआईडीएआई द्वारा निर्धारित आधार सेवा शुल्क सूची का स्पष्ट एवं प्रमुखता से प्रदर्शन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही आधार सेवाओं के संचालन में पारदर्शिता, निर्धारित मानकों के पालन तथा नागरिकों को सुगम एवं गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
