पेयजल और उपार्जन शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता कलेक्टर स्वयं निरीक्षण करेंगे
कलेक्टर्स को उपार्जन केंद्रों के निरीक्षण के लिए दल बनाकर नियमित मॉनिटरिंग के दिए निर्देश
अपर मुख्य सचिव व इंदौर संभाग के प्रभारी श्री अनुपम राजन की अध्यक्षता में आज गेहूँ उपार्जन एवं पेयजल व्यवस्था को लेकर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक आयोजित की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक में संभागायुक्त डॉ. सुदाम खाड़े, संभाग के सभी जिलों के कलेक्टर्स, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, खाद्य नागरिक एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारी एवं संबंधित अधिकारी शामिल हुए। बैठक में इंदौर से संयुक्त आयुक्त विकास श्रीमती शिवानी वर्मा, उपायुक्त विकास श्री पुरुषोत्तम पाटीदार, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के चीफ इंजीनियर श्री संजय कुमार एवं अधीक्षण यंत्री शामिल रहे।
धार वीसी कक्ष से संचालित हुई कान्फ्रेंस में अपर मुख्य सचिव एवं प्रभारी इंदौर संभाग श्री अनुपम राजन ने संभाग के गेहूँ उपार्जन एवं पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने सभी कलेक्टर्स को निर्देशित करते हुए कहा कि पेयजल और उपार्जन शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इस पर विशेष ध्यान दे। उन्होंने कहा कि गेहूँ उपार्जन केन्द्रों का निरीक्षण करने के लिए निरीक्षण दल बनाकर सतत मॉनिटरिंग करें और समीक्षा भी करें। उन्होंने कहा कि उपार्जन केन्द्रों पर किसानों का गेहूँ तुलाई समय पर हो, शेष समय में पर्याप्त तौल कांटों की निगरानी रखें। उपार्जन केन्द्रों पर किसानों के लिए शीतल पेयजल, छाया सहित बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित की जाए। जो भी स्थानीय समस्या आये कलेक्टर तत्काल सक्रियता के साथ निराकरण करेंगे। किसानों को किसी भी प्रकार की समस्या नहीं आये, इसका विशेष ध्यान रखें।
वीडियो कॉन्फ्रेंस में अपर मुख्य सचिव श्री राजन ने कहा कि संभाग के सभी जिलों में शुद्ध पेयजल की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। साथ ही हैण्डपम्पों का संधारण किया जाए। उन्होंने जल गंगा संवर्धन अभियान और राजस्व वसूली की भी समीक्षा की गई।
