इकोक्लब द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम का आयोजन

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई स्नातकोत्तर कन्या महाविद्यालय किला भवन इंदौर में इकोक्लब के तत्वावधान में “एक पेड़ माँ के नाम” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्राचार्य डॉ. बी. डी. श्रीवास्तव के संरक्षण एवं प्रशासनिक अधिकारी डॉ. वी. पी. बैरागी के मार्गदर्शन में इकोक्लब प्रभारी डॉ. पूजा जैन द्वारा आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत महाविद्यालय परिसर में नीम, आम, जामुन, चंपा एवं जाम के कुल 15 पौधों का रोपण किया गया। विशेष बात यह रही कि ये सभी पौधे महाविद्यालय में प्राकृतिक बीजों एवं कटिंग के माध्यम से तैयार किए गए हैं।


इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं है, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने का संकल्प भी है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा हरित वातावरण को बढ़ावा देना है।
कार्यक्रम में डॉ. अनिल सिंह (प्राचार्य, राऊ कॉलेज) एवं डॉ. देवेंद्र मिश्रा (होल्कर साइंस कॉलेज, इंदौर) मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इसके अलावा डॉ. अमरीश निगम, डॉ. आशीष कपूर, महाविद्यालय की छात्राएं एवं कर्मचारीगण भी कार्यक्रम में सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने पौधों के संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के लिए सतत प्रयास करने का संकल्प लिया।

Exit mobile version