हीरानगर थाना में दसवीं की छात्रा को प्रेम जाल में फंसा कर अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है।
इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर मनचले ने छात्रा को फंसाया।
चाकू दिखाकर मां के गहने हड़पे, मामला दर्ज।
अलमारी से गहने गायब होने पर खुला मामला।
इंदौर। हीरानगर थाना में दसवीं की छात्रा को प्रेम जाल में फंसा कर अवैध वसूली करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने छात्रा के परिचित युवक के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआइआर दर्ज कर ली है। आरोपित से इंस्टाग्राम के माध्यम से दोस्ती हुई थी। पुलिस आरोपित की तलाश में जुटी है। पुलिस के अनुसार किशोरी ने बयानों में बताया कि पिछले साल दिसंबर में कुंज चौहान से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। वह कोचिंग जाने के दौरान कुंज से मिलती थी।
मंदिर ले जाकर की अश्लील हरकत, बदनाम करने की दी धमकी
6 जनवरी को कुंज ने मेघदूत गार्डन के समीप मिलने बुलाया और कार से खजराना गणेश मंदिर ले गया और उसके साथ अश्लील हरकतें की। उसने छात्रा को धमकाया और कहा कि शिकायत करने पर बदनाम करेगा।
आरोपित के विरुद्ध आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसने केस के लिए रुपयों की आवश्यकता बताई और किशोरी से आभूषण मांगे। उसके इनकार करने पर आरोपित ने चाकू से धमकाया। किशोरी बदनामी और चाकू से डर गई और मां के आभूषण आरोपित को दे दिए।
अलमारी से गहने गायब होने पर खुला मामला, पुलिस ने दर्ज किया केस
किशोरी की मां ने बताया फरवरी में अलमारी का लॉकर खोला तो आभूषण गायब मिले, जबकि चाबी स्थान पर रखी हुई थी। बेटी गुमसुम नजर आने लगी थी। शक होने पर पूछताछ की तो उसने कुंज के साथ हुई घटना बता दी। गुरुवार को माता-पिता थाने पहुंचे और आरोपित के खिलाफ केस दर्ज करवा दिया। पुलिस अब आरोपित कुंज चौहान की तलाश कर रही है।
