सफाई में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्ती जारी है। मंगलवार को निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया।
इंदौर में सफाई में लापरवाही पर एक्शन
8 दारोगा और 3 इंजीनियरों का वेतन कटा
फील्ड से नदारद उपयंत्रियों पर भी कार्रवाई
इंदौर। सफाई में लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ सख्ती जारी है। मंगलवार को निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। जोन तीन, पांच, छह, सात, नौ, 17, 19 और 22 के विभिन्न क्षेत्रों में गंदगी पाई गई।
निरीक्षण में मिलीं खामियां
हुकुमचंद मिल के आगे शिवाजी मार्केट स्थित यूरिनल के पास कचरे के ढेर मिले। परदेशीपुरा स्थित वाइन शॉप के आसपास और खाली प्लाट पर कचरा पड़ा था। स्कीम 136 निरंजनपुर मंडी क्षेत्र में खाली प्लाट पर कचरा मिला। नेहरू पार्क स्थित धेनु मार्केट में कचरे की बोरियां एवं खाली प्लाट पर गंदगी मिली।
लापरवाही पर गिरी गाज
सफाई व्यवस्था में लापरवाही पाए जाने पर निगमायुक्त ने उक्त आठ जोन के दारागाओं का एक-एक दिन का वेतन काटने का निर्देश दिया। निगमायुक्त ने पिछले दिनों आदेश दिया था कि वे आवंटित जोन और वार्ड क्षेत्र में रोजाना सुबह अनिवार्य रूप से फील्ड में उपस्थित रहकर निगम मुख्यालय के कंट्रोल रूम में अपनी लोकेशन साझा करें।
फील्ड से नदारद उपयंत्रियों पर भी कार्रवाई
आदेश के पालन में लापरवाही पाए जाने पर जोन नौ और 19 के उपयंत्री अमजद खान, नितेश बोयत और फैजल खान का एक-एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए। सुबह फील्ड पर उपस्थित नहीं होने वाले उपयंत्रियों पर भी यह कार्रवाई की गई है।
