इंदौर रिंग रोड पर ‘मौत’ से लड़ी युवती, ट्रक ने कार को 15 फीट तक घसीटा; गेट खोलकर कूदी खदीजा

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

भंवरकुआं थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार में दौड़ रहे एक ट्रक ने युवती की कार को जोरदार टक्कर मारी।
टक्कर के बाद ट्रक में फंस गई कार
15 फीट तक ट्रक ने घसीटी कार
युवती ने कूदकर बचाई अपनी जान
इंदौर। भंवरकुआं थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है। तेज रफ्तार में दौड़ रहे एक ट्रक ने युवती की कार को जोरदार टक्कर मारी, जिससे कार ट्रक में ही अटक गई। करीब 15 फीट तक ट्रक कार को घसीटकर ले गया।
घटनाक्रम के बीच कार घूमकर ट्रक के आगे आ गई। युवती ने सूझबूझ और हिम्मत के साथ कार से कूदकर जान बचा ली।
कहां का है मामला
घटना भंवरकुआं थाना अंतर्गत रिंग रोड की है। अशोका कॉलोनी (माणिकबाग रोड) निवासी व्यापारी सैफुद्दीन चकेरा की बेटी खदीजा चकेरा कार (कामेट) क्रमांक-एमपी 09 जेडआर 8429 से जा रही थी। नगर निगम के कचरा घर के सामने तेज रफ्तार में ट्रक (एमएच 18 बीएच 4755) आया और ओवरटेक करने के चक्कर में कार को दाईं तरफ से टक्कर मारी।
हैरानी की बात यह रही कि टक्कर के बाद भी चालक ने ट्रक नहीं रोका। युवती के शोर मचाने के बावजूद ट्रक चालक लगातार कार को घसीटते हुए आगे बढ़ता रहा। इस दौरान कार ट्रक के साथ घिसटती हुई कुछ दूरी तक चली गई, जिससे स्थिति और भयावह हो गई।
घटनाक्रम के बीच कार अचानक घूमकर ट्रक के ठीक सामने आ गई। खतरे को भांपते हुए युवती ने सूझबूझ दिखाई और तुरंत दूसरी तरफ का दरवाजा खोलकर चलती कार से कूद गई। गिरने के कारण उसे हल्की चोटें आईं, लेकिन उसने अपनी जान बचा ली। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई। चालक ट्रक से कूदकर फरार हो गया।

Exit mobile version