पीड़िता ने शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और 40 हजार रुपये लेने का आरोप लगाया है।
इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी दोनों की दोस्ती
शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप
पीड़िता ने 40,000 रुपये देने का आरोप लगाया
इंदौर। आजाद नगर पुलिस ने ट्रेनी रेंजर अजय सोलंकी को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया है। शिकायत एक थानेदार (SI) की 26 वर्षीय बेटी ने दर्ज कराई है, जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपित को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
इंस्टाग्राम पर हुई थी दोनों की दोस्ती
पुलिस के अनुसार, जुलवानिया निवासी अजय सोलंकी और पीड़िता की पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों की मुलाकात पहले भंवरकुआं क्षेत्र के एक होटल में हुई। इसके बाद मूसाखेड़ी स्थित एक होटल में भी दोनों मिले।
शादी का भरोसा देकर संबंध बनाने का आरोप
पीड़िता का आरोप है कि अजय सोलंकी ने शादी का आश्वासन देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। उसने यह भी आरोप लगाया कि अजय ने उससे 40 हजार रुपये भी लिए। बाद में जब शादी की बात आई तो आरोपित ने विवाह करने से इनकार कर दिया।
शिकायत के बाद हुई गिरफ्तारी
पीड़िता अपनी बहन और पिता के साथ आजाद नगर थाने पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद महिला पुलिस अधिकारी ने बयान दर्ज करने के बहाने अजय को बुलाया और उसे गिरफ्तार कर लिया। रविवार को उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
एफआईआर से पहले शादी के लिए जताई सहमति
टीआई लोकेशसिंह भदौरिया के अनुसार, पुलिस ने अजय को एफआईआर दर्ज होने की जानकारी दी थी। इस दौरान उसने शादी के लिए सहमति भी जताई और उसके पिता भी इसके लिए तैयार हो गए। हालांकि पीड़िता ने विवाह से इनकार करते हुए एफआईआर दर्ज कराने पर जोर दिया, जिसके बाद पुलिस ने कानूनी कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
