युवाओं को रोजगार, स्वरोजगार, इनोवेशन एवं अप्रेन्टिसशिप के अवसर एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री शिवम वर्मा के निर्देशन में जिला रोजगार कार्यालय इंदौर द्वारा 6 जुलाई 2026 (सोमवार) को एक दिवसीय “युवा संगम” रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। यह रोजगार मेला जिला रोजगार कार्यालय (जिला उद्योग केन्द्र परिसर), पोलोग्राउंड इंदौर में प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा। मेले में युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वयं का व्यवसाय प्रारंभ करने हेतु ऋण प्रक्रिया एवं विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
उप संचालक रोजगार श्री पी. एस. मंडलोई ने बताया कि मेले में कई प्रतिष्ठित कंपनियाँ भाग लेंगी, जिनमें जे.जे. इंडस्ट्रीज़, उत्कर्ष स्माल फाइनेस बैंक, आईटीएल इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड, कटारिया ग्रुप सहित अन्य संस्थान शामिल रहेंगे। इन कंपनियों द्वारा 250 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी, जिसमें डिजिटल मार्केटिंग, अकाउंटेंट, बीपीओ, बैक ऑफिस, कंप्यूटर ऑपरेटर, सेल्स, सुपरवाइजर तथा तकनीकी पद जैसे फिटर, टर्नर, मशीनिस्ट आदि शामिल हैं।
इस रोजगार मेले में 18 से 35 वर्ष तक के ऐसे आवेदक भाग ले सकते हैं, जिनकी शैक्षणिक योग्यता 8वीं से लेकर स्नातकोत्तर, बी.फार्मा, आईटीआई एवं डिप्लोमा तक हो। इच्छुक अभ्यर्थियों को अपने समस्त शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, बायोडाटा, आधार कार्ड एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों की प्रतियाँ साथ लाने की अपील की गई है।
जिला रोजगार कार्यालय ने युवाओं से इस अवसर का लाभ उठाकर अपने भविष्य को संवारने का आग्रह किया है।
