इंदौर में सौतेली बेटी से रेप का आरोप:दूसरी बार गलत हरकत करने पहुंचा आरोपी, परिवार ने पकड़कर पीटा

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के तुकोगंज थाना क्षेत्र में सौतेले पिता द्वारा शादीशुदा बेटी से दुष्कर्म करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी ने पहले पीड़िता के साथ मारपीट की और फिर जबरन गलत काम किया।
कुछ घंटे बाद वह दोबारा पीड़िता के पास पहुंचा और फिर से जबरदस्ती करने लगा। उसके शोर मचाने पर परिवार और आसपास के लोगों ने आरोपी की पिटाई कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
तुकोगंज पुलिस के मुताबिक 28 वर्षीय पीड़िता की शिकायत पर आरोपी सौतेले पिता राकेश के खिलाफ रेप और मारपीट की धाराओं में केस दर्ज किया गया है। गुरुवार को करणी सेना के संगठन मंत्री मानसिंह राजावत घायल अवस्था में महिला को लेकर थाने पहुंचे थे।
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसकी मां की मौत के बाद सौतेले पिता राकेश से मिलने गई थी। गुस्से में राकेश ने पहले उसके साथ मारपीट की। इसके बाद गुरुवार सुबह करीब 6 बजे उसे जबरदस्ती कमरे में ले जाकर दुष्कर्म किया।
घटना के बाद आरोपी घर से चला गया और पीड़िता कमरे में रोती रही। पीड़िता का आरोप है कि करीब सुबह 9 बजे आरोपी शराब के नशे में फिर घर पहुंचा और दोबारा जबरदस्ती करने लगा। इस दौरान पीड़िता ने मदद के लिए शोर मचाया, जिसके बाद परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए।
लोगों ने राकेश की जमकर पिटाई कर दी और बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने राकेश को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

Exit mobile version