इंदौर जिले में शासन की महत्वाकांक्षी “संकल्प से समाधान” अभियान का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। अभियान के तृतीय चरण में विकासखंड स्तर पर विशेष शिविरों का आयोजन किया जाएगा, जिसके लिए प्रशासन द्वारा तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। साथ ही जिले के चारों विकासखंडों में शिविरों की तिथियों का निर्धारण भी कर लिया गया है।
इस अभियान के अंतर्गत ब्लॉक एवं नगर स्तर पर प्राप्त आवेदनों, शिकायतों तथा लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। साथ ही चयनित योजनाओं, कार्यक्रमों और सेवाओं के तहत नवीन प्राप्त आवेदनों पर भी त्वरित कार्रवाई कर आमजन को राहत प्रदान की जाएगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संकल्प से समाधान अभियान अंतर्गत 23 मार्च को जनपद पंचायत कार्यालय इंदौर के ग्राम पंचायत नैनोद में, महू क्षेत्र के एसडीएम कार्यालय महूगांव में 24 मार्च को, सांवेर क्षेत्र के जनपद पंचायत कार्यालय सांवेर में 25 मार्च को एवं 26 मार्च को देपालपुर क्षेत्र के जनपद पंचायत कार्यालय देपालपुर में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहकर आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान करेंगे। जिला प्रशासन द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि शिविरों के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को अभियान का लाभ मिल सकें।
