जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त टीम नेफायर सेफ्टी मानकों के उल्लंघन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की। आगजनी की संभावित घटनाओं और लोक स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नियमों का पालन नहीं करने वाले कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को सील किया गया।
कार्रवाई एसडीएम जूनी इंदौर घनश्याम धनगर के नेतृत्व में की गई। अभियान में तहसीलदार राकेश सस्तिया, कमलेश कुशवाह, नायब तहसीलदार डीपी सोनी, फायर ऑफिसर विनोद मिश्रा और बीओआनंद रैदास सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान भवनों में फायर सेफ्टी उपकरण अपूर्ण या पूरी तरह अनुपस्थित पाए गए। इसके चलते सम्राट अशोक नगर स्थित प्लॉट नं. 2, 10 और 11 पर संचालित जेएमसी होटल सहित अन्य दुकानों, शोरूम, जिम और लाइब्रेरी पर सील की कार्रवाई की गई।
कलेक्टर शिवम वर्मा ने स्पष्ट किया है कि फायर सेफ्टी नियमों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आमजन की सुरक्षा सर्वोपरि है और नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
