Indore Contaminated Water: इंदौर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने के बाद बीमार हुए लोगों में 162 लोग अब भी अस्पताल में भर्ती है। इसमें से 26 की हालत गंभीर है, जिन्हें इलाज के लिए आईसीयू में रखा गया है। शहर के 14 सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में इनका इलाज जारी है। चाचा नेहरू अस्पताल में 11 बच्चों का इलाज किया जा रहा है।
बुधवार को भी उल्टी-दस्त से पीड़ित मरीजों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
इंदौर। भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी के कारण बीमार होने वाले लोगों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। अब तक 2456 मरीजों की पहचान की जा चुकी है, जिनमें से 162 मरीज अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें से 26 मरीज जिंदगी और मौत के बीच आईसीयू में संघर्ष कर रहे हैं। गुरुवार सुबह मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने चार मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये के चेक दिए।
भागीरथपुरा के घरों से लगातार नए मरीज सामने आ रहे हैं। शहर के 14 सरकारी और निजी अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है। एमजीएम मेडिकल कॉलेज के चाचा नेहरू अस्पताल में 11 बच्चे भर्ती हैं, जिनमें से पांच बच्चों को बुधवार को तबीयत बिगड़ने के बाद भर्ती किया गया। इन बच्चों में एक माह की बच्ची से लेकर 14 वर्ष तक के बच्चे शामिल हैं। दूषित पानी के कारण अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है, जो सभी भागीरथपुरा के निवासी हैं।
