इंदौर में तेज रफ्तार कार ने युवकों को टक्कर मारी:एक्टिवा सवार दोनों 30 फीट दूर जा गिरे, एक की मौत

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के तुकोगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात तेज रफ्तार कार ने एक्टिवा सवार दो युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक की मौके पर मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस के अनुसार हादसा एमजी रोड पर हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने पीछे से एक्टिवा को टक्कर मारी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक करीब 30 फीट दूर जाकर फुटपाथ पर गिर पड़े।
खजराना निवासी 23 वर्षीय अनस अब्बासी की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 32 वर्षीय जुबेर के दोनों पैरों में फ्रैक्चर आया है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार, कार जब्त
मौके पर पहुंची तुकोगंज पुलिस ने आरोपी ड्राइवर को पकड़ लिया और कार जब्त कर ली। जांच में कार पर फर्जी नंबर प्लेट लगी होने की जानकारी सामने आई है।
फोटोग्राफी का काम करता था अनस
अनस अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और फोटोग्राफी का काम करता था। उसके पिता की दो साल पहले बीमारी से मौत हो चुकी है।
घायल युवक की जल्द होने वाली थी शादी
घायल जुबेर कार डेकोरेशन का काम करता है। परिजनों के अनुसार उसकी 20 दिन बाद शादी तय थी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।

Exit mobile version