इंदौर में तेज रफ्तार कार चाय की गुमटी में घुसी:रिवर्स लेते समय दो बाइकों को मारी टक्कर, पुलिस ड्राइवर की तलाश में जुटी

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के लसूडिया थाना क्षेत्र में रविवार तड़के एक तेज रफ्तार कार चाय की गुमटी में घुस गई। हादसे के बाद ड्राइवर ने कार रिवर्स लेने की कोशिश में दो बाइक को भी टक्कर मार दी। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह कार लेकर फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ड्राइवर की तलाश कर रही है।
घटना स्कीम नंबर-78 स्थित टेलीपरफॉर्मेंस के बाहर की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक अर्टिगा कार तेज रफ्तार में आई और संतुलन बिगड़ने से सड़क किनारे लगी चाय की गुमटी में जा घुसी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
नशे की हालत में था ड्राइवर
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ड्राइवर नशे की हालत में था। गुमटी से कार निकालने के दौरान उसने रिवर्स लेते हुए पास में खड़ी दो बाइक को भी टक्कर मार दी। इस दौरान सड़क किनारे खड़े लोगों की ओर भी कार बढ़ गई, जिससे लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागे।
मौके पर मौजूद लोगों ने कार ड्राइवर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। पुलिस को घटना के सीसीटीवी वीडियो मिले हैं। फुटेज के आधार पर कार और उसके ड्राइवर की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है।

Exit mobile version