इंदौर के राजमोहल्ला क्षेत्र में गुरुवार सुबह जैन मंदिर दर्शन के लिए जा रही एक महिला से बाइक सवार तीन बदमाशों ने सोने की चेन लूट ली। वारदात के बाद स्थानीय लोगों ने बदमाशों का पीछा भी किया, लेकिन आरोपियों ने हथियार दिखाकर उन्हें डराया और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
मल्हारगंज थाना पुलिस के अनुसार फरियादी इंदिरा जैन राजमोहल्ला क्षेत्र की निवासी हैं। गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे वह वैष्णव स्कूल के सामने स्थित जैन मंदिर दर्शन के लिए पैदल जा रही थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन बदमाश उनके पास पहुंचे और पीछे बैठे आरोपी ने झपट्टा मारकर उनके गले से सोने की चेन लूट ली। वारदात के बाद तीनों आरोपी तेज रफ्तार से फरार हो गए।
आरोपी एमओजी लाइन की ओर भाग निकले
महिला के शोर मचाने पर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े और बदमाशों का पीछा भी किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी एमओजी लाइन की ओर भाग निकले। पीछा करने के दौरान बदमाशों ने हथियार दिखाकर लोगों को डराया, जिससे वे उन्हें पकड़ नहीं सके।
नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी
घटना की सूचना मिलते ही मल्हारगंज पुलिस सहित वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने क्षेत्र में नाकाबंदी कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। वारदात स्थल दो थाना क्षेत्रों की सीमा से लगा होने के कारण दोनों थानों की पुलिस संयुक्त रूप से जांच में जुटी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
