खजराना क्षेत्र में रहने वाले एक जूस दुकान संचालक ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले उसने अपनी पत्नी और ढाई साल की बेटी को ससुराल भेज दिया, जिसके बाद खुद फंदे पर झूल गया।
शाम को जब पत्नी घर लौटी तो दरवाजा नहीं खुलने पर उसने ससुर और अन्य परिजनों को सूचना दी। अंदर जाकर देखा तो युवक का शव फंदे पर लटका मिला, जिसके बाद पुलिस को खबर दी गई।
खजराना पुलिस ने संजू (26) पुत्र रेवाराम चौहान, निवासी स्टार चौराहा की मौत के मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि संजू इलाके में जूस की दुकान चलाता था और ई-रिक्शा से भी जुड़ा काम करता था। सोमवार को वह काम पर नहीं गया था।
पुलिस के अनुसार, मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
4 साल पहले प्रेम विवाह
संजू मूल रूप से देवास का रहने वाला था। उसने करीब चार साल पहले प्रेम विवाह किया था। परिवार में उसके दो बड़े भाई हैं, जो अलग रहते हैं, जबकि संजू सबसे छोटा था। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आत्महत्या के पीछे पारिवारिक कलह की बात सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
