इंदौर कलेक्ट्रेट जनसुनवाई में रास्ते और नाले पर अतिक्रमण की शिकायत करने वाला दूल्हा खुद ही अतिक्रमणकारी निकला।
दूल्हे ने कहा था- शादी में मेहमानों को असुविधा न हो, मकान के दोनों ओर मिला पर्याप्त रास्ता
जिस नाले की शिकायत की उसी पर दूल्हे का कब्जा, पाइप डालकर बंद कराने की थी मांग
12 के अतिक्रमण हटाए, एसडीएम बोलीं- नाले से खेतों-गांव का पानी नदी में जाता है, बंद नहीं कर सकते
इंदौर। कलेक्ट्रेट जनसुनवाई में नाले और रास्ते पर अतिक्रमण की शिकायत करने वाला दूल्हा भी अतिक्रमण करने वाला निकला। दरअसल खुड़ैल तसहील के अंतर्गत आने वाले ग्राम अम्बामोलिया निवासी उमेश गंगोलिया द्वारा कलेक्टर शिवम वर्मा के समक्ष रास्ते पर अतिक्रमण और नाले में गंदगी को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी।
दूल्हे ने अपनी शादी का हवाला देते हुए रास्ता साफ कराने की मांग की थी, ताकि मेहमानों को किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना का सामना न करना पड़े। कलेक्टर ने तत्काल जांच के निर्देश दिए। एसडीएम प्रियंका चौरसिया के नेतृत्व में टीम ने निरीक्षण किया। जांच में पाया गया कि शिकायतकर्ता के मकान के दोनों ओर पर्याप्त रास्ता उपलब्ध है और जिस नाले को लेकर शिकायत की गई थी, उसी पर स्वयं शिकायतकर्ता ने अतिक्रमण कर रखा था।
12 अतिक्रमण को हटाया गया
जांच में खुलासा हुआ कि उमेश ने नाले पर 3 बाय 30 फीट क्षेत्र में अवैध कब्जा कर रखा था। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दूल्हे के साथ अन्य 12 अतिक्रमण को हटाया। एसडीएम प्रियंका चौरसिया का कहना है कि यह इस नाले से खेतों और गांव का पानी निकलकर पास की नदी में जाता है।
इसको बंद नहीं किया जा सकता और दूल्हा इस पर पाइप डालने की मांग कर रहा था। सभी अतिक्रमण हटाकर नाले को साफ किया है और दूल्हे को भी रास्ता उपलब्ध कराया।
