इंदौर में खौफनाक रात… पिटाई का बदला लेने के लिए सिरफिरे ने फूंकी गाड़ियां, धुएं में फंसा परिवार बाल-बाल बचा

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

बाणगंगा की वृंदावन कालोनी में बुधवार रात बड़ी घटना टल गई। शराब के नशे में एक सिरफिरे ने कईं वाहनों में आग लगा दी। एक परिवार तो धुएं में फंस गया और दम घुटने लगा, जिन्होंने समय रहते छत पर पहुंचकर अपनी जान बचाई।
इंदौर। बाणगंगा की वृंदावन कालोनी में बुधवार रात बड़ी घटना टल गई। शराब के नशे में एक सिरफिरे ने कईं वाहनों में आग लगा दी। एक परिवार तो धुएं में फंस गया और दम घुटने लगा, जिन्होंने समय रहते छत पर पहुंचकर अपनी जान बचाई। पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है। उसने पूछताछ में बताया कि कुछ लोगों ने उसकी पिटाई की थी, जिसका बदला लेने के लिए उसने शराब पीकर गाड़ियां जला दीं।
बाइक की नली काटकर निकाला पेट्रोल
पुलिस के अनुसार घटना किला मैदान रोड की है। आरोपित का नाम शिवा गौड़ है। उसने सबसे पहले गैरेज के बाहर खड़ी बाइक में आग लगाई और गली में लालकुआं की ओर आ गया। आरोपित ने प्रेम पुत्र देवीसिंह कीर की बाइक (एमपी 05 एमपी 5807) की नली काटकर पेट्रोल निकाला और आग लगा दी। इस आग से भागवत पुत्र पांडूरंग बावस्कर की बाइक (एमपी 09 वीएन 9743) भी जल गई। भागवत अपनी पत्नी सविता और बेटे सचिन के साथ पहली मंजिल पर सो रहा था। घर में कूलर चल रहा था, जिसने धुआं खींच लिया और परिवार का दम घुटने लगा।
आग की चपेट में आए कार और पेड़
घबराहट होने पर सविता उठी तो उसे चक्कर आने लगे और वह दीवार से टकरा कर गिर गई। बेटे सचिन ने उन्हें संभाला और पूरा परिवार छत पर पहुंचा। छत से ही पानी डालकर उन्होंने आग बुझाई। भागवत के अनुसार आग के कारण घर में लगा नीम का पेड़ भी जल गया और धुएं के कारण पूरा घर काला पड़ गया है। आरोपित ने घर के सामने रहने वाले राहुल की कार को भी जलाया है। कुछ लोगों ने उसे देख लिया था और जब लोगों ने ललकारा तो वह फरार हो गया, जिसे बाद में पुलिस ने पकड़ लिया।


- Advertisement -
Exit mobile version