इंदौर में अलाव में गिरने से दिव्यांग युवक की मौत: खेत में तापने के लिए जलाया था अलाव, संतुलन खोकर उसी में गिरा; अस्पताल में तोड़ा दम

By Abhishek Raghuvanshi
2 Min Read

इंदौर के पास राउ थाना क्षेत्र के रंगवासा गांव में एक दर्दनाक हादसे में दिव्यांग युवक की मौत हो गई। युवक 16 जनवरी की रात अलाव जलाने के दौरान संतुलन बिगड़ने से आग में गिर गया था। गंभीर रूप से झुलसे युवक को उपचार के लिए एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां सोमवार को उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
राउ पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सुनील (30) पुत्र राम चौहान के रूप में हुई है। वह खेत के पास अलाव जलाकर बैठा था। रात में उठने के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह सीधे अलाव पर गिर पड़ा। गिरते ही उसके जैकेट ने आग पकड़ ली। सुनील ने बचने के लिए शोर मचाया, पड़ोसी मौके पर पहुंचे और उसे आग से बाहर निकाला।
गला और सीना गंभीर रूप से झुलसा
हादसे में सुनील का गला और सीना गंभीर रूप से झुलस गया था। देर रात करीब 2 बजे उसे एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों ने बताया कि सुनील दोनों पैरों से ठीक से चल नहीं पाता था और मजदूरी कर अपना जीवन यापन करता था। उसकी शादी नहीं हुई थी। उसके छोटे भाई राहुल को भी इसी तरह की शारीरिक परेशानी है। हादसे के समय सुनील खेत पर अकेला मौजूद था। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Exit mobile version