इंदौर में अब बिना OTP नहीं मिलेगा सिलिंडर… गैस कालाबाजारी पर सर्जिकल स्ट्राइक, कमर्शियल सप्लाई बंद

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

गैस सिलिंडर की किल्लत और कालाबाजारी पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। घरेलू सिलिंडरों की सप्लाई की निगरानी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
इंदौर में कमर्शियल सिलिंडर पर रोक; अब डिलीवरी के लिए OTP हुआ अनिवार्य
कालाबाजारी रोकने को 3 टीमें गठित; होटल-रेस्टोरेंट अब PNG का करेंगे उपयोग
बुकिंग का बैकलॉग खत्म करने के निर्देश; OTP से डिलीवरी में आ रही देरी
इंदौर। गैस सिलिंडर की किल्लत और कालाबाजारी पर लगाम लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। घरेलू सिलिंडरों की सप्लाई की निगरानी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। अब डिलीवरी के दौरान ओटीपी अनिवार्य कर दिया गया है। पेट्रोलियम कंपनियों ने गैस एजेंसियों के लिए ओटीपी आधारित डिलीवरी की अनिवार्यता पहले ही लागू कर दी थी, लेकिन अब इसका पालन करना अनिवार्य कर दिया गया है। हालांकि पोर्टल पर सर्वर की परेशानी और अन्य कारणों से एजेंसी संचालकों ने कलेक्टर शिवम वर्मा से मुलाकात कर कुछ दिन के लिए ओटीपी व्यवस्था को शिथिल करने की मांग की है।
व्यावसायिक सप्लाई पर रोक और जांच टीमों का गठन
ईरान-इजराइल युद्ध के बीच भारत में गैस को लेकर उत्पन्न हुए संकट को देखते हुए व्यावसायिक सिलिंडरों की सप्लाई पूरी तरह से रोक दी गई है। इंदौर में भी व्यावसायिक सिलिंडर की सप्लाई नहीं होने से घरेलू गैस सिलिंडर की कालाबाजारी और व्यावसायिक दुरुपयोग की संभावना को देखते हुए जिला प्रशासन ने तीन टीमें मैदान में उतारी हैं। यह टीमें घरेलू गैस की डिलीवरी से लेकर भंडारण पर नजर रखेंगी। जिला आपूर्ति नियंत्रक मोहन मारू का कहना है कि कालाबाजारी और अवैध भंडारण को रोकने के लिए अलग-अलग टीमें शहर में जांच कर रही हैं। वहीं घरेलू सिलिंडर के व्यावसायिक उपयोग को लेकर भी कार्रवाई की जा रही है।
होटल-रेस्टोरेंट के लिए पीएनजी और वैकल्पिक साधनों के निर्देश
शहर में संचालित होटल एवं रेस्तरां को व्यावसायिक सिलिंडर के स्थान पर वैकल्पिक साधन का उपयोग करने को लेकर निर्देशित किया गया है। रेस्तरां को संबंधित क्षेत्र से गुजरने वाली पाइप लाइन से पीएनजी गैस की सप्लाई दी जाएगी। वहीं कई संस्थानों ने इंडक्शन और डीजल भट्टी का उपयोग शुरू किया है।
डिलीवरी बैकलाग खत्म करने पर जोर और ओटीपी की चुनौतियां
कलेक्टर शिवम वर्मा ने एक दिन पहले पेट्रोलियम कंपनियों के पदाधिकारियों और गैस एजेंसियों के संचालकों की बैठक ली थी। इसमें बुकिंग के बाद डिलीवरी का बैकलाग खत्म करने के निर्देश दिए थे, ताकि ग्राहक को बुकिंग के दूसरे या तीसरे दिन डिलीवरी हो जाए। हालांकि एजेंसियों को ओटीपी की अनिवार्यता के कारण डिलीवरी देने में परेशानी हो रही है। एजेंसी से 300 से साढ़े तीन सौ सिलिंडर की डिलीवरी ही हो पा रही है। ओटीपी के लिए डिलीवरी वाले को इंतजार करना पड़ रहा है।

Exit mobile version