इच्छुक नागरिक 25 मई तक आवेदन कर अपने नाम मतदाता सूची में जुड़वा सकेंगे
स्टेडिंग कमेटी की बैठक सम्पन्न
मध्यप्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा तय कार्यक्रम के अनुसार इंदौर नगर निगम सहित नगरीय निकायों एवं पंचायतों के लिये फोटोयुक्त मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य तेजी से जारी है। तय कार्यक्रम के अनुसार इच्छुक नागरिक 25 मई 2026 तक निर्धारित केन्द्रों पर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने संबंधी आवेदन दे सकते हैं। साथ ही इस दौरान मतदाता सूची से नाम हटवाने एवं प्रविष्टि में संशोधन के संबंध में भी आवेदन दिए जा सकते हैं।
यह जानकारी आज यहां कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शिवम वर्मा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई स्टेडिंग कमेटी की बैठक में दी गई। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रीना मालवीय, जनपद अध्यक्ष श्री कान्हा पटेल, अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री नवजीवन विजय पवार, संयुक्त कलेक्टर एवं सहायक उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री अजीत श्रीवास्तव भी मौजूद थे। बैठक में बताया गया कि जिले के नगरीय निकायों एवं पंचायतों के निर्वाचन क्षेत्रों से संबंधित नागरिक निर्धारित अवधि में मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन अथवा विलोपन संबंधी दावे-आपत्तियां प्रस्तुत किए जा सकते हैं।
कलेक्टर श्री शिवम वर्मा ने बैठक में आयोग के निर्देशानुसार सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्यवाही समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिये। बैठक में बताया गया कि जिले में पुनरीक्षण का कार्य जारी है। इंदौर नगर निगम तथा नगर परिषद क्षेत्र में दावे-आपत्ति लेने के लिए प्रत्येक वार्ड के एक सुलभ मतदान केन्द्र में व्यवस्था की गई है। इसी तरह जिले के सभी ग्राम पंचायतों में भी इस तरह की व्यवस्था की गई है।
कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री शिवम वर्मा ने नागरिकों से अपील की है कि वे संबंधित मतदान केन्द्र पर पहुँचकर मतदाता सूची का अवलोकन करें। मतदाता सूची में नाम नहीं होने पर अपने नाम जुड़वाए, प्रविष्टि में संशोधन होने पर भी आवेदन कर सुधार करवाये, मृत अथवा अन्यत्र चले गए मतदाताओं के नाम विलोपित करने के संबंध में भी आवेदन करें।
