ई-दक्ष केंद्र में आयोजित हुई कार्यशाला
कलेक्टर कार्यालय स्थित ई-दक्ष केंद्र में सोमवार को कर्मयोगी कर्त्तव्य कार्यक्रम एवं एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) टूल्स कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के प्रथम दिवस में आयुष विभाग के चिकित्सा अधिकारियों, सीएएमओ एवं पैरामेडिकल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर आधुनिक एआई टूल्स तथा उनके प्रभावी उपयोग की जानकारी प्राप्त की।
कार्यशाला के दौरान प्रतिभागियों को कार्यालयीन कार्य संस्कृति (वर्क एनवायरनमेंट), स्वयं की क्षमताओं की पहचान, टीमवर्क, प्रभावी संवाद तथा कार्यस्थल पर बेहतर प्रदर्शन जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया गया। विभिन्न गतिविधियों एवं समूह चर्चा के माध्यम से प्रतिभागियों ने अपने अनुभव साझा किए तथा एक-दूसरे के विचारों से सीखने का अवसर प्राप्त किया।
यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आरसीवीपी नरोन्हा प्रशासनिक एवं प्रबंधकीय अकादमी, भोपाल द्वारा तैयार किए गए मॉड्यूल के अनुसार आयोजित किया जा रहा है। अकादमी के निर्देशानुसार इंदौर जिले में विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए चरणबद्ध रूप से इस प्रकार की कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं।
कार्यशाला का संचालन वरिष्ठ प्रशिक्षक श्री अतुल कुमार पाण्डेय एवं प्रशिक्षक सुश्री जागृति चौहान ने किया। उन्होंने प्रतिभागियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित विभिन्न टूल्स, उनकी उपयोगिता तथा प्रशासनिक कार्यों में उनके प्रभावी उपयोग की जानकारी दी।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. हंसा बारिया ने बताया कि कार्यशाला में आयुष विभाग के डॉ. जितेन्द्र भालसे, डॉ. कमलेश पाटील, डॉ. राकेश गुप्ता, डॉ. पुष्पा गोथवाल, डॉ. नेहा भाना, डॉ. रागिनी शिवहरे, डॉ. अनीता खलखो, श्रीमती रीना प्रजापत सहित 23 चिकित्सा अधिकारी, सीएएमओ एवं पैरामेडिकल कर्मचारी उपस्थित रहे।
