इंदौर जनसुनवाई : बस यात्रा में गुम हुई व्हीलचेयर को खोजेंगे आरटीओ, कलेक्टर ने दिव्यांग युवक नई दिलवाई

By Abhishek Raghuvanshi
3 Min Read

इंदौर में जनसुनवाई में कुल 305 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें कई प्रकरणों पर मौके पर ही त्वरित कार्रवाई करते हुए जरूरतमंदों को राहत प्रदान की गई।
बस यात्रा में गुम हुई व्हीलचेयर की जांच के आदेश
वृद्ध महिला को 24 हजार रुपये की आर्थिक सहायता
किडनी मरीज को इलाज के लिए आर्थिक मदद मिली
इंदौर। इंदौर में आयोजित जनसुनवाई एक बार फिर आमजन के लिए राहत का मंच बनी, जहां प्रशासन ने तत्परता और संवेदनशीलता दिखाते हुए 305 आवेदनों में से कई का मौके पर ही समाधान कर दिया। कलेक्टर शिवम वर्मा की मौजूदगी में जरूरतमंदों को न केवल आर्थिक और सामाजिक सहायता दिलाई गई, बल्कि जमीनी और राजस्व प्रकरणों का निराकरण भी किया गया।
समय सीमा वाले प्रकरणों को सुनवाई के लिए तय किया गया। दिव्यांग युवक शुभम साहू, जिसकी मोटराइज्ड व्हीलचेयर बस यात्रा के दौरान गुम हो गई थी, उसे तुरंत कलेक्टर ने नई व्हीलचेयर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही घटना की जांच के लिए आरटीओ को संबंधित बस की जांच करने को कहा गया है।
305 आवेदन प्राप्त हुए
कलेक्ट्रेट में मंगलवार को जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जनसुनवाई में कुल 305 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें कई प्रकरणों पर मौके पर ही त्वरित कार्रवाई करते हुए जरूरतमंदों को राहत प्रदान की गई। जनसुनवाई के दौरान शिक्षा, स्वास्थ्य और आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों में प्रशासन ने संवेदनशीलता दिखाते हुए तत्काल निर्णय लिए।
वृद्ध महिला सविता शिंगले अपने पोता-पोती के साथ सहायता के लिए पहुंचीं। पारिवारिक संकट और आर्थिक तंगी को देखते हुए प्रशासन ने तत्काल 24 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। साथ ही बच्चों का नाम मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना में जोड़ने और उनकी शिक्षा की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
किडनी मरीज को आर्थिक सहायता
स्वास्थ्य मामलों में भी राहत देते हुए एक किडनी मरीज को इलाज के लिए आर्थिक सहायता दी गई। मरीज का आगामी माह ऑपरेशन प्रस्तावित है। कलेक्टर शिवम वर्मा ने बताया कि जिन मामलों में तत्काल समाधान संभव नहीं था, उन्हें राजस्व, पुलिस एवं अन्य विभागों को समय-सीमा के साथ भेजा गया है। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर नवजीवन विजय पवार, रोशन राय सहित अन्य अधिकारियों ने भी समस्याएं सुनीं।

Exit mobile version